
केंद्र सरकार ने इंजीनियरिंग, मेडिकल और सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की मदद के लिए एक बड़ी पहल की है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुलभता के लिए उसने साथी पोर्टल जारी किया है। इसकी सहायता से छात्र अब घर बैठे फ्री में जेईई, नीट और एसएससी परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। और वह भी आईआईटी, एम्स से लेकर दूसरे क्षेत्रों के विशेषज्ञ के बेहतर मार्गदर्शन में। यानी बहुभाषी “साथी पोर्टल” से छात्र न सिर्फ ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे बल्कि IIT और AIIMS के एक्सपर्ट्स द्वारा JEE, NEET, SSC की तैयारी करने वाले युवाओं को मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
सरकार की इस पहल का मकसद छात्रों की महंगे प्राइवेट कोचिंग सेंटर पर निर्भरता को कम करना है। यहां पूर्व होनहार छात्र ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई के साथ परीक्षार्थियों की तैयारी से लेकर अपने अनुभव साझा करेंगे। फिलहाल यह व्यवस्था JEE, NEET, SSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए की गयी है, लेकिन जल्द ही सीयूईटी, क्लैट समेत अन्य परीक्षाओं को भी इससे जोड़ने की तैयारी चल रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने आईआईटी कानपुर की मदद से “साथी पोर्टल” तैयार करवाया है जहाँ छात्रों के लिए जेईई मेन, जेईई-एडवांस, नीट-यूजी और केंद्रीय सेवाओं के ग्रेड-2 व ग्रेड- 3 श्रेणी के कर्मचारियों के चयन के लिए आयोजित परीक्षा एसएससी की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध है। इस पोर्टल के माध्यम से कोई भी छात्र यहां फ्री में रजिस्ट्रेशन कर सकता है। रजिस्ट्रेशन के बाद छात्र को इंजीनियरिंग, मेडिकल और एसएससी में से मनपसंद विकल्प का चयन करना होगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार छात्रों को कोचिंग सेंटरों की दुनिया से बाहर लाना चाहती है और इसके लिए कानूनी और सामाजिक हर प्रयास किए जाएंगे। इसमें सरकारी ‘साथी’ ( सेल्फ असेसमेंट, टेस्ट एंड हेल्प ऑफ एंट्रेंस एग्जाम ) कारगर होगा। सेल्फ असेसमेंट से तैयारी का आकलन हो सकेगा। पहले छात्र विभिन्न आईआईटी और एम्स के विशेषज्ञों द्वारा रिकॉर्ड वीडियो लैक्चर से खुद तैयारी करेंगे। इसके बाद छात्रों को तैयारी के साथ सेल्फ असेसमेंट का मौका भी मिलेगा। इसमें एआई (आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस) आधारित मूल्यांकन में सीखने की प्रगति ट्रैक होगी।
छात्रों को इस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और टीवी दोनों माध्यम में फ्री पढ़ाई का मौका होगा। पोर्टल पर कंप्यूटर और मोबाइल के माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं। इसमें एंड्रॉइड और आईओएस के लिए साथी मोबाइल ऐप बनाया गया है। इसके अलावा सात डीटीएच चैनल पर भी लैक्चर उपलब्ध होंगे।
अंग्रेजी के अलावा हिंदी और भारतीय भाषाओं में भी लैक्चर ट्रांसलेट किए गए हैं, ताकि दूर-दराज व ग्रामीण इलाकों के आम छात्रों को अपनी मातृभाषा में पढ़ने का मौका मिले। वहीं, चैटबॉट को भी इस वेब पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है। यहां प्रवेश परीक्षा पाठ्यक्रम पर छात्रों के प्रश्नों का उत्तर दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों के साथ लाइव और रिकॉर्डेड कक्षाएं और इंटरैक्टिव लाइव सत्र भी होंगे।
आईआईटी और एम्स के छात्र इसमें मेंटरशिप प्रदान करेंगे। इनसे लाइव सत्र में व्यक्तिगत मार्गदर्शन के साथ सलाह ले सकते हैं। इसमें प्रश्नों को हल करने और समझ को सुदृढ़ करने पर प्रतिदिन काम होगा। कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा मॉक टेस्ट तैयार किया गया है। क्यूआर कोड स्कैनिंग आधारित इंटरैक्शन के लिए एक ऐप तैयार किया है। क्रैश कोर्स के माध्यम से 45 दिन का क्रेश कोर्स होगा।
फिलहाल 4.37 लाख छात्रों ने पंजीकरण कर लिया है। 60 हजार प्रश्नों के उत्तर पर अपलोड हो गए हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल और एसएससी से संबंधित 10 हजार घंटे के वीडियो लैक्चर तैयार करके पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद छात्र प्रयोग कर सकते हैं।




Add comment