
15 अगस्त से स्कूलों में अब ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह ‘जय हिंद’ का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर दिन छात्रों को ‘राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित किया जा सके’ और देश के ‘समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान’ व्यक्त किया जा सके। हरियाणा के स्कूलों को लेकर सैनी सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है।
आने वाले स्वतंत्रता दिवस से हरियाणा के स्कूलों में प्रतिदिन दी जाने वाली शुभकामनाओं में देशभक्ति का रंग दिखाई देगा। विद्यार्थी एक-दूसरे को और अपने अध्यापकों को ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह ‘जय हिंद’ बोलकर बधाई देंगे। प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय की तरफ से इस सम्बन्ध में बाकायदा एक सर्कुलर जारी किया गया है। इसमें जिला और ब्लॉक स्तर पर सभी शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को 15 अगस्त से ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह ‘जय हिंद’ का उपयोग करने के निर्देश हैं।
राज्य सरकार ने विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना जगाने के लिए अभिवादन को बदलने का फैसला किया है। विभाग ने कहा, स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पहले निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए। शिक्षा विभाग का कहना है कि एक-दूसरे को जय हिंद कहकर बधाई देने से विद्यार्थियों में हर दिन राष्ट्रीय एकता की भावना और हमारे देश के समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान की भावना पैदा होगी।
इसमें कहा गया है कि देशभक्तिपूर्ण अभिवादन ‘जय हिंद’ छात्रों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसमें आगे कहा गया है कि ‘जय हिंद’ क्षेत्रीय, भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों से परे है और विविध पृष्ठभूमि के छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है।
परिपत्र में यह भी कहा गया है कि ‘जय हिंद’ का नारा सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिया था और स्वतंत्रता के बाद सशस्त्र बलों द्वारा इसे सलामी के रूप में स्वीकार किया गया था।




Add comment