Edinbox Hindi

हॉस्टल में छिड़क दी चूहे मारने की दवा; 19 छात्रों की हालत खराब, तीन ICU में भर्ती

बंगलूरू के आदर्श नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में चूहेमार दवा के छिड़काव के बाद 19 छात्रों की हालत बिगड़ गई। छात्रावास प्रबंधन द्वारा चूहों को भगाने के लिए छिड़के गए चूहे भगाने वाली दवा के कारण सांस लेने में तकलीफ होने पर सभी छात्रों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती 19 छात्रों में से तीन छात्रों की हालत गंभीर है। इनको आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में अम्मा आश्रम के पास आदर्श नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास के ग्राउंड फ्लोर जनरेटर पर चूहों को भगाने वाले ‘चूहा एक्स’ का छिड़काव किया गया था, जिसे छात्रों ने सूंघ लिया। इसके बाद उन्हें सांस लेने में समस्या होने लगी। कुल 19 छात्र बीमार पड़ गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के निजी अस्पतालों में ले जाया गया।

पश्चिम बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त एस गिरीश ने कहा, “आदर्श नर्सिंग कॉलेज के छात्र छात्रावास में रविवार रात को चूहों को भगाने के लिए चूहामार दवा का छिड़काव किया गया था। जहरीले पदार्थ की मौजूदगी के कारण कुल 19 छात्र सांस लेने में तकलीफ के कारण बीमार हो गए और उन्हें छात्रावास के अन्य छात्रों, छात्रावास के कर्मचारियों और आम लोगों के साथ तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 19  छात्रों में से तीन गंभीर रूप से बीमार हैं। बाकी छात्र अब स्वस्थ हैं। चूहे मारने की दवा छिड़कने वाले हॉस्टल प्रबंधन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।”

आईसीयू में भर्ती जयन वर्गीस, दिलीश और जो मोन नाम के तीन छात्र गंभीर रूप से बीमार हैं। बीमार पड़े स्टूडेंट में से एक के बयान के आधार पर छात्रावास कर्मचारी मंजे गौड़ा और कई अन्य कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने और सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा पैदा करने के आरोप में धारा 286 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत केस दर्ज किया गया है।

 

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed