Edinbox Hindi

अब मुंबई के अस्पताल में महिला चिकित्सक पर हमला, नशे में धुत लोगों ने डॉक्टर को पीटा 

कोलकाता के बाद अब मुंबई से भी एक महिला रेजीडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की खबर सामने आई है। मामला रविवार का है और यह घटना मुंबई के बड़े सरकारी अस्पताल में घटी है। बताया गया है कि मुंबई के सायन अस्पताल में एक मरीज और उसके रिश्तेदारों ने कथित रूप से महिला रेजीडेंट डॉक्टर को पीटा। आरोप है कि ये सभी लोग शराब के नशे में धुत थे। 

मुंबई नगर निगम (BMC) के सायन अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों ने बताया कि महिला डॉक्टर पर सुबह करीब 3:30 बजे हमला किया गया। वह उस दौरान ड्यूटी पर थीं। बताया गया है कि आरोपी मरीज के चेहरे पर चोट लगी थी। आरोप है कि इलाज के दौरान मरीज और उसके साथ आए लोगों ने डॉक्टर को अपशब्द कहे। मरीज के साथ करीब पांच से छह लोग आए थे और सभी नशे में धुत थे। आरोप है कि मरीज के साथ आए लोगों ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। खुद को बचाने की कोशिश में महिला डॉक्टर को भी चोटें आईं। 

बृहन्मुंबई नगर निगर (BMC) के महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) के प्रमुख डॉक्टर अक्षय मोरे ने बताया कि यह घटना सुबह 3:30 बजे की है। डॉ मोरे ने कहा, एक मरीज और उसके कुछ रिश्तेदार नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे थे। मरीज और उसके साथ आए लोगों ने महिला रेजीडेंट डॉक्टर से झगड़ा किया। इसके बाद मरीज और उसके परिवार मौके से फरार हो गए। यह बहुत चिंता की बात है कि ऐसी घटना मुंबई में हो रही है।

महिला डॉक्टर ने इस घटना को लेकर सायन पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। सायन अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों ने पुलिस स्टेशन में पहुंचकर कहा कि इस चिंताजनक घटना से स्पष्ट होता है कि सुरक्षा में गंभीर चूक हुई है। उन्होंने कहा, ‘हमारे डॉक्टरों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं हो सकता। इस स्थिति को तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।’

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed