Edinbox Hindi

आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष करते थे लाशों का कारोबार !

कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रमुख संदीप घोष पर शवों को बेचने और बायोमेडिकल की तस्करी करने का आरोप लगा है। आरजी कर कॉलेज के तत्कालीन डिप्टी सुप्रीटेंडेंट अख्तर अली का दावा है कि एक साल पहले उन्होंने आरोप लगाए थे लेकिन पुलिस ने शिकायत नहीं दर्ज की थी। 

बता दें कि कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुए रेप-मर्डर केस के विरोध में देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सीबीआई संदीप घोष से 6 दिन से पूछताछ कर रही है। इसी बीच आरजी कर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक अख्तर अली ने संदीप घोष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अख्तर अली ने दावा किया है कि डॉक्टर से हुई दरिंदगी का मुख्य आरोपी संजय रॉय पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की सुरक्षा में शामिल था। उनके बाउंसर के रूप में काम करता था।

अख्तर अली ने दावा किया कि संदीप घोष अस्पताल के लावारिस शवों को बेचने सहित कई अवैध गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि घोष बांग्लादेश में बायोमेडिकल अपशिष्ट और मेडिकल उपकरणों की तस्करी में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि मैंने इसको लेकर विजिलेंस कमेटी के सामने शिकायत भी की थी। जांच का हिस्सा भी था। लेकिन फाइनल रिपोर्ट देने के बाद दो घंटे बाद ही मेरा ट्रांसफर कर दिया गया। शिकायत के बाद भी संदीप घोष पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।

अख्तर अली ने कहा कि इस दरिंदगी के बाद जब मैंने संजय रॉय को देखा तो मुझे याद आया कि ये शख्स संदीप घोष के 4 बाउंसर में शामिल था। उन्होंने कहा कि मैंने इसे संदीप घोष के साथ देखा है। अस्पताल में हुई चूक को साजिश बताते हुए अख्तर अली ने कहा कि जब मैं वहां कार्यरत था, तब सेमिनार रूम या नर्सिंग स्टाफ के पास रात में किसी को भी जाने की इजाजत नहीं होती थी। हर प्वाइंट पर सुरक्षा होती थी, सीसीटीवी कैमरे लगे थे। लेकिन रात में एक वॉलिंटियर कमरे में घुस जाता है और इतनी बड़ी घटना हो जाती है, ये समझ से परे है। ये एक बड़ी साजिश हो सकती है।

अख्तर अली ने कहा कि मैं 2007 से लेकर 2023 तक आरजी कर अस्पताल में कार्यरत रहा। मैंने कई प्रिंसिपल के साथ काम किया। लेकिन मैंने संदीप घोष जितना करप्ट आदमी नहीं देखा। 2021 में उसकी नियुक्ति के बाद आरजी कर अस्पताल बर्बाद हो गया। संदीप घोष ने नियुक्ति होने के बाद से ही छात्रों को फेल करना शुरू कर दिया ताकि वह पैसे कमा सके। कई बार छात्रों ने उसके खिलाफ धरने तक दिए हैं। भूख हड़ताल की है। लेकिन उसका कभी कुछ नहीं हुआ।  

अख्तर अली ने कहा कि उसकी सिक्योरिटी में कई लोग होते थे। उसने एक बड़ा रैकेट तैयार कर लिया था। वह क्रिमिनल माइंड व्यक्ति है। ऐसे लोगों को कई तरह के डर होते हैं। इसलिए वह इतनी सिक्योरिटी में घूमता था। अख्तर अली ने कहा कि आरजी कर अस्पताल 100 साल से भी ज्यादा पुराना है। इसक अपना एक इतिहास रहा है। लेकिन संदीप घोष ने इसे बर्बाद कर दिया।

बता दें कि संदीप घोष चौतरफा घिर गए हैं। सीबीआई की टीम ने बुधवार को लगातार छठे दिन भी डॉ संदीप घोष से पूछताछ की। अबतक घोष से 64 घंटे तक पूछताछ की गई है। वहीं, वित्तीय अनियमितता से जुड़े नए मामले में भी डॉ घोष की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई में भी चीफ जस्टिस ने संदीप घोष की भूमिका पर सवाल उठाए थे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed