Edinbox Hindi

कोलकाता की घटना के खिलाफ रैली में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी की बेटी को दुष्कर्म की धमकी, बाल आयोग ने लिया संज्ञान

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी कड़ी में एक विरोध रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें रैली में शामिल एक व्यक्ति को तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की नाबालिग बेटी को दुष्कर्म की धमकी देते और ऐसा करने वाले को 10 करोड़ रुपये का इनाम देने की सार्वजनिक घोषणा करते हुए सुना जा सकता है। अब पश्चिम बंगाल बाल अधिकार आयोग ने तृणमूल सांसद की बेटी को दुष्कर्म की मिली धमकी पर स्वतः संज्ञान लिया है। बता दें, अभिषेक बनर्जी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं। 

 बहरहाल, पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कहा है कि ‘रैली में शामिल एक व्यक्ति को बनर्जी की नाबालिग बेटी को दुष्कर्म की धमकी देते और ऐसा करने वाले को 10 करोड़ रुपये का इनाम देने की सार्वजनिक घोषणा करते हुए सुना गया।शरारती तत्व का ऐसा गंदा इरादा और सार्वजनिक रूप से अभद्र टिप्पणी एक नाबालिग बच्ची की गरिमा को ठेस पहुंचाने और उसकी सुरक्षा को खतरे में डालने के बराबर है। पुलिस से यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून, किशोर न्याय कानून और बाल अधिकार संयुक्त राष्ट्र संधि के तहत कार्रवाई करने को कहा है।’

बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने आगे कहा, ‘जब पूरा राज्य आरजी कर में डॉक्टर के निधन का शोक मना रहा है, उस समय हिसाब बराबर करने के लिए एक और दुष्कर्म का आह्वान करना स्पष्ट रूप से कानून का उल्लंघन है और अगर दंडात्मक उपाय नहीं किए जाते हैं तो समाज को एक खतरनाक संदेश जा सकता है। यह न केवल इस बच्ची बल्कि सभी नाबालिग लड़कियों को खतरे में डाल सकता है।’

बाल अधिकार आयोग ने पुलिस से इस मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed