
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष सहित चार लोगों को केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरजी कर हॉस्पिटल में वित्तीय अनियमितताओं के कारण सीबीआई ने ये कार्रवाई की है। इस मामले में पिछले दिनों सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी। नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद से ही तत्कालीन प्राचार्य संदीप घोष की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।
16 अगस्त से लगातार 15 दिनों तक संदीप घोष से सीबीआई पूछताछ करती रही।सोमवार को भी उन्हें फिर से सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सीबीआई के दफ्तर में तलब किया गया। शाम को सीबीआई के अधिकारी संदीप घोष को वहां से निकालकर निजाम पैलेस ले गए। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने सूचित किया कि संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीबीआई ने संदीप घोष के साथ दो विक्रेताओं बिप्लव सिंघा और सुमन हजारा और संदीप घोष के अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी अफसर अली को भी गिरफ्तार किया है।
बता दें कि जांच का जिम्मा मिलने के बाद 15 अगस्त को सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को पहली बार तलब किया था। उस दिन संदीप हाजिर नहीं हुए। लेकिन अगले दिन सीबीआई ने उ्न्हें साल्ट लेक की सड़क से पकड़ लिया। संदीप को सीजीओ कॉम्प्लेक्स के सीबीआई दफ्तर ले गए। इसके बाद से 24 अगस्त तक लगातार 9 दिनों तक उन्हें सीजीओ में तलब किया गया। उन्हें रोजाना 10 से 14 घंटे तक सीबीआई दफ्तर में रहना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त की सुबह सीबीआई की एक टीम ने संदीप के बेलघाटा स्थित घर पर छापा भी मारा। उन्हें 75 मिनट तक घर के बाहर इंतजार करवा कर बाद में दरवाजा खोला। सीबीआई अधिकारी अंदर गए और उस दिन संदीप से पूछताछ की। कोलकाता हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई महिला डॉक्टर की बलात्कार और हत्या की घटना की जांच कर रही है। इसके अलावा, अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं की जांच भी सीबीआई द्वारा की जा रही है। दोनों मामलों में संदीप को केंद्रीय एजेंसी की जांच के दायरे में रखा गया है। वित्तीय अनियमितताओं के मामले में 24 अगस्त को सीबीआई ने एफआईआर भी दर्ज की है। सूत्रों के अनुसार, इसी एफआईआर के आधार पर सीबीआई की टीम संदीप के घर पहुंची थी। इसके साथ ही अदालत की अनुमति से संदीप समेत कुल सात लोगों का पॉलीग्राफ परीक्षण भी किया गया।
गौरतलब है कि अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. अख्तर अली ने डॉ. संदीप घोष के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य रहते कई मामलों में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई थी।




Add comment