Edinbox Hindi

स्कूल में बिरयानी लाने पर प्रिंसिपल ने काटा छात्र का नाम; परिवार ने लगाया बच्चे को बंधक बनाकर पीटने का आरोप

यूपी के अमरोहा में एक निजी हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल में लंच के लिए नॉनवेज लाने पर बवाल हो गया। प्रिसिंपल ने कक्षा तीन के छात्र का नाम काट दिया। साथ ही बच्चे पर धार्मिक टिप्पणी का आरोप भी लगाया। वहीं, छात्र के परिवार ने बच्चे को बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है।

हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल की इस घटना से सम्बंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें अभिभावक और प्रधानाचार्य के बीच बहस हो रही है। वायरल वीडियो सात मिनट 11 सेकेंड का है। वायरल वीडियो के आधार पर फिलहाल डीआईओएस ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है और तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब की है।

डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने कहा है कि मामले में जांच के लिए जीआईसी के प्रधानाचार्य ललित कुमार, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या स्नेहलता और राजकीय हाईस्कूल बछरायूं के प्रधानाचार्य डॉ. धर्म सिंह समेत तीन सदस्य कमेटी गठित की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल मामला अमरोहा में जोया रोड पर स्थित हिलटन पब्लिक स्कूल का है। यहां नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति कानपुर में प्राइवेट जॉब करते हैं। उनका 7 वर्षीय बच्चा स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। प्रिंसिपल का आरोप है कि वह स्कूल में नॉनवेज लेकर गया था। आरोप है कि लंच टाइम में जब वह उसे खाने लगा तो टीचर्स ने विरोध किया। मामला प्रिंसिपल तक पहुंचा उन्होंने बच्चे को खूब फटकारा और उसे स्टोर रूम में बंद कर दिया। डरा-सहमा बच्चा रोता रहा, लेकिन किसी ने उसे बाहर नहीं निकाला। दोपहर में छुट्‌टी होने पर बच्चे को बाहर निकाला गया। प्रिंसिपल ने बच्चे का नाम स्कूल से काट दिया। उन्होंने उसे यह कहते हुए घर भेजा कि अब स्कूल न आना। बच्चे ने घर जाकर ये बात अपनी मां को बताई।

इसके बाद गुरुवार को बच्चे की मां शिकायत लेकर स्कूल पहुंची। प्रिंसिपल से बच्चे का नाम काटने का कारण पूछा। इस पर प्रिंसिपल भड़क गए और कहा कि आपका बच्चा स्कूल में नॉनवेज खाना लेकर आता है, स्कूल में मंदिर को तोड़ता है। इसी कारण हमने उसका नाम स्कूल से काट दिया। छात्र की मां और प्रिंसिपल के बीच नोकझोंक हाेने लगी। बहस के दौरान महिला ने पूरी बातचीत का वीडियो भी बना लिया। 

हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल का उक्त वीडियो बृहस्पतिवार को तेजी के साथ वायरल हो गया। इसमें महिला स्कूल के प्रधानाचार्य के साथ बहस करती दिख रही है। पीड़ित बच्चे की मां का आरोप है कि उनके बच्चे को स्कूल में बंधक बनाया गया और पिटाई की गई जिससे बच्चा सदमे में है। वह बहुत डरा है, वह सही से बोल भी नहीं पा रहा है। पीड़ित बच्चे की मां ने मांग की है कि प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्हें स्कूल से हटाया जाए। 

स्कूल के प्रधानाचार्य अवनीश कुमार शर्मा का कहना है कि सारा मामला सीसीटीवी कैमरों में कैद है। बच्चे को बंधक नहीं बनाया गया, बल्कि शिक्षिका के साथ दूसरे कमरे में बैठाया गया था। स्कूल की तरफ से बच्चे का नाम भी नहीं काटा गया है। उधर, स्कूल प्रबंधन की और से भी बाद में इस मामले में एक वीडियो प्रसारित किया गया जिसमें कक्षा के कुछ बच्चे नाम कटने वाले छात्र पर धार्मिक भावनाओं पर टिप्पणी करने का आरोप लगा रहे हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed