Edinbox Hindi

संदीप की साली के घर से मिलीं मेडिकल परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं, वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी ईडी

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को लेकर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब ईडी ने संदीप घोष की साली के घर से मेडिकल परीक्षा की आंसर सीट की बड़ी संख्या में कॉपी जब्त की है। ईडी ने छापेमारी के दौरान परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की प्रतियां प्राप्त की हैं।

संदीप घोष की साली के फ्लैट से इन उत्तरपुस्तिकाओ के मिलने के बाद ईडी अब यह जांच कर रही है कि क्या इन उत्तरपुस्तिकाओं की प्रतियों के माध्यम से कोई वित्तीय लेन-देन हुआ था। दावा किया जा रहा है कि इसके अतिरिक्त, ईडी ने बड़ी मात्रा में टेंडर की प्रतियां, दस्तावेज और संपत्ति के कागजात भी बरामद किए हैं। संदीप घोष की साली के घर से करीब 200 पेज की उत्तर पुस्तिकाएं बरामद की गई हैं। 

सवाल उठ रहा है कि इतनी सारी उत्तरपुस्तिकाएं वहां क्यों हैं? इस मामले में अब अकेले संदीप घोष ही नहीं बल्कि उनके रिश्तेदार भी जांच के घेरे में आ गए हैं। उधर, जांच के सिलसिले में शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारी फिर कॉलेज पहुंचे। सीबीआई के अधिकारी अस्पताल के प्लेटिनम जुबली बिल्डिंग में गए और अन्य जगहों का भी निरीक्षण किया।

आरजी मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष घिरते जा रहे हैं। कोलकाता रेप केस के साथ-साथ आरजी कर में वित्तीय अनियमितता के मामले की ईडी और सीबीआई जांच कर रही है। इससे पहले साली के घर जहां संदीप की सास रहती है, वहां से एक काला ट्रॉली बैग बरामद हुआ था। संदीप घोष की साली भी ईएसआई अस्पताल के प्रसूति विभाग में डॉक्टर हैं। इसके अलावा संदीप घोष की साली के पति एसएसकेएम में डॉक्टर हैं। 

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed