Edinbox Hindi

IIT-IIM  की तर्ज पर एनिमेशन के क्षेत्र में बनेगा अब नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, कैबिनेट ने दी मंजूरी 

केंद्र सरकार भारत को सिनेमा से लेकर एंटरटेनमेंट, गेमिंग व एनिमेशन के क्षेत्र में दुनिया में एक सॉफ्ट पावर की दिशा में आगे बढ़ने पर लगातार जोर दे रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में एनिमेशन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए आईआईटी और आईआईएम की तर्ज पर राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र यानी नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCoE) स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इसके गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसकी स्थापना मुंबई में की जाएगी। इस संस्थान को एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) के लिए स्थापित किया जाएगा। 

फिक्की व सीआईआई जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की भागीदारी के साथ शुरू होने वाले इस केंद्र की स्थापना के पीछ का उद्देश्य है- भारत को अत्याधुनिक सामग्री प्रदान करने के लिए एक कंटेंट हब के रूप में कार्य करना, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की सॉफ्ट पावर बढ़े और मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में विदेशी निवेश आकर्षित हो। 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “एवीजीसी-एक्सआर सेक्टर आज मीडिया और मनोरंजन के पूरे क्षेत्र में एक अपरिहार्य भूमिका निभाता है, जिसमें फिल्म निर्माण, ओटीटी प्लेटफॉर्म, गेमिंग, विज्ञापन और स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं, जिससे देश की विकास कहानी की समग्र संरचना शामिल है।”

उन्होंने कहा, “तेजी से विकसित हो रही तकनीक और पूरे देश में इंटरनेट की बढ़ती पहुंच के साथ वैश्विक स्तर पर AVGC-XR का उपयोग तेजी से बढ़ने वाला है। इस तेज गति को बनाए रखने के लिए, देश में AVGC-XR पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने के लिए शीर्ष संस्थान के रूप में कार्य करने के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की जा रही है।” 

सरकार का मानना है कि यह केंद्र शौकिया और पेशेवर दोनों तरह के लोगों को लेटेस्ट टेक्नॉलजी में लेटेस्ट स्किल से लैस करने के लिए विशेष ट्रेनिंग व एजुकेशन कार्यक्रम पेश करेगा। इतना ही नहीं, यह एवीजीसी-एक्सआर से संबंधित रिसर्च व डिवेलपमेंट को भी बढ़ावा देगा। साथ ही, यह केंद्र कंप्यूटर सांइस, इंजीनियरिंग, डिजाइन और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने का काम भी करेगा।

मंत्री ने आगे कहा, “इस एनसीओई को एवीजीसी-एक्सआर उद्योग के विकास के लिए प्रेरक शक्ति के रूप में स्थापित करके, यह देश के सभी हिस्सों के युवाओं के लिए रोजगार के सबसे बड़े स्रोतों में से एक के रूप में काम करेगा। इससे रचनात्मक कला और डिजाइन क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिलेगा और भारत एवीजीसी-एक्सआर गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा, जिससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।”

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed