
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में एक झरने में डूबने से दो मेडिकल छात्राओं की मौत हो गई। अन्य एक की तलाश जारी है जबकि झरने में डूबे दो छात्रों को बचा लिया गया। दोनों मृतक छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, पांचवे छात्र की तलाश जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित बरदार के मुताबिक, मरेडुमिली में जलथारंगिनी झरने की उफनती धारा में रविवार शाम करीब चार बजे मेडिकल की शिक्षा प्राप्त कर रहे ये छात्र बह गए थे। इनमें से दो को पुलिस और वन अधिकारियों ने तत्काल बचा लिया, हालांकि तीन अन्य को नहीं बचाया जा सका।
बरदार ने कहा, ‘‘हमें सोमवार सुबह सात बजे दो मेडिकल छात्राओं के शव मिले। एक अन्य का अभी पता नहीं लग पाया है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम उसकी तलाश कर रही हैं।’’
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पूर्वी घाट क्षेत्र के एक मनोरम स्थल मारेडुमिल्ली के ऊपरी इलाकों में कुछ समय तक हुई भारी बारिश के कारण ये लोग झरने में बह गए।
एलुरु के एएसआरएएम कॉलेज के विद्यार्थियों का एक बड़ा समूह मारेडुमिल्ली की यात्रा पर गया था। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।




Add comment