Edinbox Hindi

विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को मिला चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार, की थी माइक्रो आरएनए की खोज

साल 2024 के नोबेल पुरस्कारों का एलान शुरू हो गया है। इस कड़ी में आज चिकित्सा क्षेत्र के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गयी। इस साल फिजियोलॉजी या मेडिसिन क्षेत्र के लिए इस सम्मान के विजेता हैं अमेरिका के विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन।  विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार माइक्रो आरएनए की खोज और पोस्ट-ट्रांसक्रिप्शनल जीन विनियमन में इसकी भूमिका  के लिए दिया गया है।

इस पुरस्कार के लिए स्वीडन के कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट मेडिकल विश्वविद्यालय की नोबेल असेंबली ने इन दोनों वैज्ञानिकों का चयन किया है। बता दें कि नोबेल पुरस्कार वैज्ञानिक जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है।

नोबेल असेंबली की ओर जारी बयान में कहा गया है, “वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को माइक्रो RNA की खोज और जीन विनियमन में इसकी भूमिका के लिए फिजियोलॉजी या मेडिसिन में 2024 का नोबेल पुरस्कार दिया गया है।”

असेंबली ने कहा, “विजेताओं ने छोटे RNA अणुओं के एक नए वर्ग की खोज की है, जो जीन विनियमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस खोज ने जीन विनियमन के एक बिल्कुल नए सिद्धांत का खुलासा किया है।”

इससे पहले पिछले साल यानी 2023 में कैटालिन कारिको और ड्रू वीसमैन को चिकित्सा का नोबेल दिया गया था। इन्हें न्यूक्लियोसाइड बेस संशोधनों से संबंधित उनकी खोजों के लिए यह सम्मान दिया गया था। इस खोज की वजह से कोरोनावायरस यानी सीओवीआईडी-19 के खिलाफ प्रभावी एमआरएनए टीकों के विकास में मदद मिली थी।

नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 1901 में हुई थी। ये पुरस्कार पिछले 12 महीनों में मानवता के लिए भलाई करने वाले और विज्ञान की दिशा बदलने वालों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। ये पुरस्कार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हर साल दिए जाते हैं।
सबसे पहले चिकित्सा पुरस्कार की घोषणा की जाती है। उसके बाद भौतिकी, रसायन विज्ञान और फिर साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा होती है। इस कड़ी में नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में इस पुरस्कार के विजेता की घोषणा 14 अक्तूबर को की जाएगी। 

पुरस्कारों में 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर यानी एक मिलियन अमेरिकी डॉलर या दस लाख डॉलर का नकद पुरस्कार दिया जाता है। धनराशि अवॉर्ड के संस्थापक और स्वीडिश आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की छोड़ी हुई वसीयत से आती है। 1896 में उनका निधन हो गया था। नोबेल पुरस्कार अधिकतम तीन विजेताओं को दिया जा सकता है। उन्हें पुरस्कार राशि साझा करनी होती है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed