Edinbox Hindi

BPSC 70वीं संयुक्त परीक्षा की तारीख़ बदली, अब दिसंबर में होगा एग्जाम

बिहार लोक सेवा आयोग की एकीकृत 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा की तारीख़ बदल गई है। अब इस परीक्षा के 13 और 14 दिसंबर को होने की सम्भावना है। बिहार लोक सेवा आयोग ने इस संबंध में चिट्ठी जारी की है। प्रदेश के सभी जिलों के डीएम को भेजी चिट्ठी में कहा गया है कि उक्त परीक्षा 17 नवंबर को संभावित थी, लेकिन अब यह परीक्षा किसी अपरिहार्य कारणवश नई तिथि 13 और 14 दिसंबर को हो सकती है। जिलाधिकारियों को परीक्षा के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचार रहित संचालन हेतु आयोग को केंद्रों का चयन कर आवासन सूची 18 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।

गौरतलब है कि बीपीएससी की ओर से 70वीं परीक्षा में अभी तक की सबसे ज्यादा भर्ती निकाली गई है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में 1957 पद भरे जाएंगे। इस परीक्षा में लगभग 7-8 लाख उम्मीदवारों शामिल हो सकते हैं। जिलाधिकारियों को अवगत कराया गया है कि परीक्षार्थियों के लिए जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र की आवश्यकता है। लिहाजा, प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का चयन एग्जाम सेंटर के लिए किया जाए जिसमें चारदीवारी (बाउंड्री), लाइट, पानी, बेंच-डेस्क, शौचालय और पत्येक कक्षा में घड़ी की व्यवस्था हो। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्र में आवागमन की सुविधा भी सुगम हो। परीक्षा के दौरान तीन फीट के बेंच पर मात्र एक परीक्षार्थी, पांच फीट के बेंच पर मात्र दो परीक्षार्थी को बैठने की व्यवस्था की जाएगी। एक बेंच से दूसरे बेंच की दूरी कम-से-कम तीन फीट अवश्य हो। 

70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक उम्मीदवार 18 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। बीपीएससी 70वीं परीक्षा के तहत विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र सीमा 20 से 22 वर्ष होनी चाहिए जबकि अधिकतम उम्र सीमा सामान्य वर्ग के लिए 37 वर्ष है। BC और EBC के लिए 40 और SC-ST के लिए आयोग ने 42 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की है। वैसे लोग जो कि सरकारी सेवक हैं उनको इन परीक्षाओं में बैठने के अधिकतम पांच अवसर मिलेंगे। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed