
साल 2024 के नोबेल पुरस्कारों के तहत आज भौतिकी क्षेत्र के लिए अवॉर्ड का एलान किया गया। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया है। इन्हें कृत्रिम तंत्रिका नेटवर्क के साथ मशीन लर्निंग को सक्षम करने वाली मूलभूत खोजों और आविष्कारों के लिए यह पुरस्कार देने का फैसला किया गया है।
नोबेल समिति ने अपने बयान में कहा है कि भौतिकी के लिए इस साल का नोबेल पुरस्कार पाने वाले वैज्ञानिकों ने मशीन लर्निंग की बुनियाद समझे जाने वाले तरीके की खोज के लिए भौतिकी के उपकरणों का इस्तेमाल किया है। होपफील्ड ने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में अपना अनुसंधान किया और हिंटन ने यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो में शोध कार्य किया है। होपफील्ड प्रिंसटन विश्वविद्यालय में आण्विक जीवविज्ञान के पूर्व प्रोफेसर एमेरिटस हॉवर्ड से जुड़े हुए हैं और हिंटन टोरंटो विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान विभाग में एक एमेरिटस प्रोफेसर हैं।
इससे पहले इस श्रेणी में पिछले साल यानी 2023 का नोबेल प्राइज संयुक्त रूप से पियरे ऑगस्टिनी, फेरेंस क्राउसज और एनी एल’हुलियर को दिया गया था। इलेक्ट्रॉन्स पर अध्ययन के लिए यह सम्मान दिया गया था। अवॉर्ड उन प्रायोगिक तरीकों के लिए दिया गया था, जिसमें पदार्थ में इलेक्ट्रॉन की गतिशीलता के अध्ययन के लिए प्रकाश के एटोसेकंड पल्स उत्पन्न किए गए। एनी हुलियर फिजिक्स के इस क्षेत्र में नोबेल जीतने वाली पांचवीं महिला बनी थीं।
नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 1901 में हुई थी। ये पुरस्कार पिछले 12 महीनों में मानवता के लिए भलाई करने वाले और विज्ञान की दिशा बदलने वालों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। ये पुरस्कार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हर साल दिए जाते हैं।
सबसे पहले चिकित्सा पुरस्कार की घोषणा की जाती है। सात अक्तूबर यानी सोमवार को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के साथ ही इन पुरस्कारों की घोषणा की शुरूआत हो गई थी। उसके बाद आज भौतिकी के नोबेल का एलान किया गया। बुधवार को रसायन विज्ञान और फिर गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा होगी। इस कड़ी में नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में इस पुरस्कार के विजेता की घोषणा 14 अक्तूबर को की जाएगी।
पुरस्कारों में 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर यानी एक मिलियन अमेरिकी डॉलर या दस लाख डॉलर का नकद पुरस्कार दिया जाता है। धनराशि अवॉर्ड के संस्थापक और स्वीडिश आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की छोड़ी हुई वसीयत से आती है। 1896 में उनका निधन हो गया था। नोबेल पुरस्कार अधिकतम तीन विजेताओं को दिया जा सकता है। उन्हें पुरस्कार राशि साझा करनी होती है।




Add comment