Edinbox Hindi

रूस में एमबीबीएस छात्रा की मौत, शव भारत लाने परिवार ने की सीएम से अपील

रूस में एक सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश की एमबीबीएस छात्रा की मौत हो गई। रूस में उफा के बश्किर विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही कुमारी सृष्टि शर्मा के साथ यह घटना तब घटी जब कार का टायर फट गया, जिससे गाड़ी की खिड़की खुल गई और सृष्टि कार से नीचे गिर गई। कार से गिरने के बाद उसे कई मीटर तक घसीटा जिससे उसके सिर सहित कई जगहों पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के वक्त सृष्टि ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। कार में सृष्टि के अलावा अन्य मेडिकल छात्र भी मौजूद थे, जो सुरक्षित हैं।

इस दुखद घटना के बाद छात्रा के परिवार ने मध्यप्रदेश सरकार से शव को भारत लाने की मदद की अपील की है। सीएम मोहन यादव ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की दिशा में कदम उठाया। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि सीएम यादव ने राज्य गृह विभाग को निर्देश दिया है कि वह केंद्र सरकार से मदद लेकर शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू करें। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय से भी मदद मांगी गई है।

सीएम मोहन यादव ने इस मुद्दे पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- मध्य प्रदेश सरकार ने रूस में अध्ययन कर रही कुमारी सृष्टि शर्मा के शव को भारत लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। राज्य सरकार और संबंधित अधिकारी शव को भारत लाने के लिए कदम उठा रहे हैं ताकि परिवार को इस कठिन समय में मदद मिल सके।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed