
तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश समेत साउथ इंडिया के कई इलाकों में भारी बारिश भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते सभी स्कूल-कॉलेज में अवकाश की घोषणा कर दी गयी है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि तमिलनाडु के कोस्टल रीजन और आसपास के इलाकों में 16 अक्तूबर को भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी की चेतावनी के बाद राज्य सरकार ने चेन्नई, तिरुवलुर, कांचीपुरम और चेंगलपेट जिलों में 16 अक्तूबर को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में अवकाश की घोषणा कर दी थी। पुडुचेरी में भी 16 अक्तूबर को स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। तमिलनाडु में चेन्नई समेत अन्य जगहों पर भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। कॉलोनियों से लेकर सड़कों तक घुटनों भर पानी भर गया। सड़क से लेकर ट्रेन और हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई ट्रेनें और उड़ानें रद्द करनी पड़ी। मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में पानी भरने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। कर्नाटक सरकार ने भारी बारिश के कारण बेंगलुरु शहर जिले में स्कूल बंद करने की घोषणा की है। बेंगलुरु शहरी जिला कलेक्टर जगदीश ने शहर के सभी तालुकों के आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी और निजी स्कूलों के लिए छुट्टी का आदेश दिया है और घोषणा की है कि राज्य में 17 अक्तूबर को भी स्कूल बंद रहेंगे।
वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के पश्चिम से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की वजह से आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। इसे देखते हुए यहां भी स्कूल-कॉलेज में अवकाश की घोषणा कर दी गयी है।




Add comment