Edinbox Hindi

एनटीए ने जारी किया यूजीसी नेट का परिणाम, महिला अभ्यर्थियों का दबदबा

लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने यूजीसी नेट जून 2024 (UGC NET June 2024) का परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम के साथ-साथ एनटीए ने यूजीसी नेट जून का कटऑफ भी जारी किया है। परीक्षा परिणाम के अनुसार इस बार महज 4970 अभ्यर्थी जेआरएफ के पात्र घोषित किये गए हैं जबकि पीएचडी के लिए 1,12,070 और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए कुल 53,694 उम्मीदवारों ने अर्हता प्राप्त की है। परीक्षा में कुल 6,84,244 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परिणाम और कटऑफ देखने के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in. पर जा सकते हैं।  
 
एनटीए के जारी किए गए यूजीसी नेट के आंकड़ों से साफ होता है कि उच्च-शिक्षा में महिला अभ्यर्थियों का दबदबा है। इस परीक्षा में जहां एक तरफ 4.85 लाख पुरुष अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, वहीं दूसरी तरफ महिला अभ्यर्थियों की संख्या 6.35 लाख रही। यह 32 फीसदी ज्यादा रही। परीक्षा के लिए कुल 11.21 लाख कैंडिडेट ने आवेदन किया था। 

बता दें कि यूजीसी नेट परीक्षा पास करने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को यूजीसी नेट परीक्षा में न्यूनतम 40% अंक प्राप्त करने होते हैं, जबकि आरक्षित वर्ग जैसे एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और ओबीसी के विद्यार्थियों को 35% अंक प्राप्त करने होंगे। इस बार परीक्षा देने वाले कैंडिडेट में से केवल 1.71 लाख कैंडिडेट असिस्टेंट प्रोफेसर, जेआरएफ और पीएचडी के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। ऐसे में परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स में सफलता का प्रतिशत 26 फीसदी के आसपास है। 

यूजीसी नेट जून परीक्षा का आयोजन 21 अगस्त से 4 सितंबर 2024 तक 83 सब्जेक्ट के लिए सीबीटी मोड पर किया गया था। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। शिफ्ट 1 सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चली और शिफ्ट 2 दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक चली।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed