
चक्रवात ‘दाना’ जैसे जैसे करीब आ रहा है, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इसे लेकर दहशत बढ़ती जा रही है। चक्रवात के 25 अक्टूबर को तट से टकराने की आशंका है, जिसे लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। इन दोनों राज्यों के तटवर्ती इलाकों से 10 लाख से अधिक लोगों को हटाने का काम तेज हो रहा है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और आपातकालीन सेवाएं हाई अलर्ट पर हैं।
बंगाल की खाड़ी से आने वाले चक्रवाती तूफ़ान ‘दाना’ को लेकर लोगों में दहशत लगातार बढ़ रही है। माना जा रहा है कि 24 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवात बंगाल की उत्तरी खाड़ी पहुंचेगा। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 24 की रात अथवा 25 अक्टूबर की सुबह ओडिशा के पुरी और बंगाल के सागर दीपपुंज के बीच तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा होगी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में आज से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। चक्रवात की आशंका को देखते हुए एहतियातन ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सरकार ने कई ज़िलों में स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां 26 अक्टूबर तक रद कर दी गई हैं। वहीं चक्रवात की आशंका के मद्देनज़र ओडिशा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का तीन दिवसीय दौरा भी टाल दिया गया।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल, दोनों सरकारों ने तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। सुरक्षा और बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से उन इलाकों में न जाने की अपील की गई है, जहाँ चक्रवाती तूफ़ान ‘दाना’ का दहशत है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि राज्य के नौ ज़िलों में 23 से 26 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। बंगाल में 9 जिलों में प्राइमरी और सेकंडरी स्कूल बुधवार से 26 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते, स्कूलों और कॉलेजों को लोगों को आश्रय देने के लिए खाली रखा गया है। दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिले, पूर्व मेदिनीपुर और तटीय क्षेत्रों पर तूफान का भारी असर हो सकता है। पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, हुगली और झारग्राम में भी तूफान का असर देखने को मिल सकता है। तूफान के मद्देनजर उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली, झारग्राम, बांकुड़ा, और कोलकाता में बुधवार से 26 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे।
ओडिशा की सरकार ने भी स्कूल-कॉलेज में छुट्टी घोषित कर दी है। इन स्कूलों में अस्थायी आश्रय शिविर स्थापित किये जा रहे हैं ताकि निचले इलाकों से विस्थापित लोगों को यहां रखा जा सके।
ओडिशा के 14 जिलों में 25 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। ओडिशा सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया, ‘गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, अंगुल, नयागढ़, कटक और खुर्दा जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, तकनीकी/पेशेवर संस्थान, पॉलिटेक्निक और आईटीआई तीन दिन (23 से 25 अक्टूबर) के लिए बंद रहेंगे।’ इन 14 जिलों में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।




Add comment