
सुप्रीम कोर्ट के बाद अब साइबर अपराधियों ने कलकत्ता हाईकोर्ट को निशाना बनाया है। लाइव-स्ट्रीमिंग के दौरान साइबर अपराधियों ने हाईकोर्ट का यूट्यूब चैनल हैक कर लिया और उस पर अश्लील वीडियो चला दी। इसके चलते, हाईकोर्ट की लाइव-स्ट्रीमिंग को तुरंत रोकना पड़ा। इस मामले को लेकर कोलकाता पुलिस के साइबर अपराध विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह वाक्या तब हुआ, जब कलकत्ता हाईकोर्ट की सोमवार को सुबह अवकाश पीठ चल रही थी। कोर्ट नंबर सात में जस्टिस सुभेंदु सामंत सुनवाई कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तभी सुनवाई के दौरान ही हाईकोर्ट के यूट्यूब चैनल पर एक अश्लील वीडियो चलने लगा। सुनवाई के दौरान ऐसा आपत्तिजनक वीडियो देखकर कई लोग हैरान रह गए। आनन-फानन में लाइव स्ट्रीमिंग को बंद करना पड़ा। कुछ देर के व्यवधान के बाद, एक अलग लिंक का उपयोग करके लाइव-स्ट्रीमिंग फिर से शुरू की गई।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट का यूट्यूब चैनल भी हैक कर लिया गया था। आरजी कर मामले की सुनवाई का वीडियो रातों-रात आधिकारिक यूट्यूब चैनल से ‘गायब’ हो गया था। उस घटना में सुरक्षा की बड़ी खामी सामने आई थी। सुप्रीम कोर्ट का चैनल ही नहीं मिल पाया। एक वीडियो पर क्लिक करने पर दूसरा वीडियो खुल गया। इस बार कलकत्ता हाई कोर्ट में भी ऐसा ही हुआ। इसे लेकर सवाल उठ रह हैं।
बहरहाल, मामला सामने आने के बाद कोलकाता पुलिस के साइबर अपराध विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके अलावा, घटना कैसे हुई, इसकी जांच हाईकोर्ट की आईटी सेल कर रही है। कलकत्ता हाईकोर्ट की आज सुबह अवकाश पीठ चल रही थी। कोर्ट नंबर सात में जस्टिस सुभेंदु सामंतर सुनवाई कर रहे थे।




Add comment