
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने जानकारी दी है कि नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट पोस्टग्रेजुएट यानी नीट पाजी (NEET PG) के लिए काउंसलिंग 11 नवंबर, 2024 से शुरू होगी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी एमसीसी (MCC) जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट (mcc.nic.in) पर नीट पीजी 2024 काउंसलिंग शेड्यूल की घोषणा करेगी। गौरतलब है कि नीट पीजी में ट्रांसपरेंसी का मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है, जिसके चलते नीट पीजी पास कर चुके उम्मीदवार काफी समय से काउंसलिंग के शुरू होने का इंतजार कर रहे है।
डॉक्टरों के संगठन फोरडा के अनुसार नीट पीजी 2024 काउंसलिंग 11 नवंबर से शुरू होने जा रही है। साथ ही FORDA ने NEET PG प्रवेश प्रक्रिया में देरी पर निराशा व्यक्त की। उसने ट्वीट में लिखा है, “NEET PG 2024 काउंसलिंग 11 नवंबर तक शुरू हो जाएगी। 4 महीने की देरी से #2025 के लिए समयसीमा चुनौतीपूर्ण हो गई है। यह दुष्चक्र लगातार तीसरे साल भी जारी है। क्या यह कभी खत्म होगा?”
इस बीच, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) के अध्यक्ष सुरवणकर दत्ता ने कहा है कि वे नीट पीजी पर सर्वोच्च न्यायालय की सुनवाई का इंतजार नहीं कर रहे हैं और काउंसलिंग कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।
FAIMA के अध्यक्ष ने गलत सूचना के बारे में चेतावनी देते हुए एक पोस्ट में लिखा, “NEET PG काउंसलिंग शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा, और शेड्यूल जारी होने से रोकने वाले हालिया मुद्दों को सुलझा लिया गया है। वे अगली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई का इंतजार नहीं कर रहे हैं। उम्मीद है कि इससे कुछ राहत मिलेगी! पुष्टि एक बहुत ही विश्वसनीय स्रोत से हुई है। आप में से कुछ लोग पहले से ही जानते होंगे। कृपया सटीक समयरेखा के लिए उनकी आधिकारिक वेबसाइट से आधिकारिक घोषणाओं के लिए बने रहें और अटकलों/अफवाहों से बचें।”
बता दें कि नीट पीजी काउंसलिंग डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD), मास्टर ऑफ सर्जरी (MS), डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (DNB) और पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा प्रोग्राम में ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों पर दाखिले के लिए आयोजित की जाती है। इस बार नीट पीजी 2024 काउंसलिंग प्रक्रिया चार चरणों में होने की उम्मीद है- राउंड 1, राउंड 2, राउंड 3 और AIQ स्ट्रे वैकेंसी राउंड।
एमसीसी नीट पीजी काउंसलिंग 2024 रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 20 सितंबर से शुरू हो गई है, लेकिन चॉइस फिलिंग, एडिटिंग, सीट अलॉटमेंट और रिपोर्टिंग की तारीखों का इंतजार है। वहीं उत्तर प्रदेश, हरियाणा और झारखंड जैसे राज्यों में नीट पीजी 2024 काउंसलिंग शुरू कर दी हैं। हालांकि, तमिलनाडु और राजस्थान समेत पांच राज्यों में काउंसलिंग प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के लंबित फैसले के कारण अस्थायी रूप से रोक दी गई है।




Add comment