
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (upprpb) ने यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की फाइनल आंसर की जारी कर दी है। बोर्ड अब इस परीक्षा के रिजल्ट की तैयारी में लगा हुआ है। संभव है कि जल्द ही इसकी घोषणा भी कर दी जाए। लेकिन इस बीच यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की फाइनल आंसर की पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कई उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पिछले हफ्ते 2 नवंबर को फाइनल आंसर की जारी की थी। बोर्ड ने आंसर की जारी करते वक्त कहा था कि परिणाम नवंबर के तीसरे हफ्ते में जारी किया जाएगा। उम्मीद है कि रिजल्ट 15 नवंबर के आसपास जारी हो सकता है। एक तरफ तो उम्मीदवार रिजल्ट के इंतजार में हैं तो वहीं दूसरी तरफ परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों ने फाइनल आंसर की पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि बोर्ड ने फाइनल आंसर की में से 25 प्रश्नों को रद्द कर दिया था।
अब उम्मीदवारों को आपत्ति है कि फाइनल आंसर की में जो बदलाव हुए हैं वह हमारे रिजल्ट को प्रभावित कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर कई कैंडिडेट्स ने आंसर की पर सवाल उठाए हैं। वहीं, कुछ इस बात से परेशान हैं कि कहीं सरकारी रिजल्ट का मामला कोर्ट तक तो नहीं पहुंच जाएगा। कुछ स्टूडेंट्स को तो इस बात का भी डर है कि कहीं परीक्षा को रद्द ना कर दिया जाए।
भर्ती परीक्षा में शामिल हुए एक उम्मीदवार ने कहा कि यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आंसर की में खामियां हैं। बोर्ड ने कई प्रश्न ऐसे कैंसिल किए हैं जो नहीं होने थे और कई प्रश्न ऐसे कैंसिल नहीं किए जो होने थे। कैंडिडेट ने कहा कि इसके अलावा हमारी शिफ्ट में गणित के दो प्रश्न ऐसे थे जो हिंदी में गलत थे और अंग्रेजी में सही थे और बोर्ड का नियम है कि अगर अंग्रेजी में प्रश्न सही होता है तो उसे सही ही माना जाता है, लेकिन उत्तर पुस्तिका में उन दो प्रश्नों को गलत माना गया है।




Add comment