
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली ने ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट यानी आईलेट परीक्षा (AILET 2025) के लिए चार केंद्रों को हटा दिया है। जिन परीक्षा केंद्रों को हटाया गया है, उनमें बिलासपुर (छत्तीसगढ़), कोटा, शिमला और सिलीगुड़ी शामिल हैं। समग्र पंजीकरण की समीक्षा के बाद परीक्षा केंद्रों की संख्या 35 से घटाकर 31 कर दी गई है। उम्मीदवारों की अपर्याप्त संख्या के कारण ऐसा किया गया है। पात्र उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट nationallawuniversitydelhi.in. के माध्यम से 18 नवंबर तक AILET आवेदन जमा करने की अनुमति दी जाएगी।
एनएलयू दिल्ली द्वारा स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। एआईएलईटी सूचना बुलेटिन में कहा गया है, “आज तक, प्राप्त आवेदनों की वर्तमान संख्या के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है कि अपर्याप्त उम्मीदवारों के कारण निम्नलिखित शहरों में परीक्षा केंद्र स्थापित नहीं किए जा सकते हैं: बिलासपुर (छत्तीसगढ़), कोटा, शिमला और सिलीगुड़ी।”
इसमें आगे लिखा है, “यदि किसी परीक्षा शहर में उम्मीदवारों की संख्या 100 से कम है, तो उस शहर में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी दूसरी/तीसरी पसंद के अनुसार परीक्षा शहर आवंटित किया जाएगा।”
विश्वविद्यालय ने कहा है कि जिन उम्मीदवारों ने चार शहरों में से किसी एक को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना है, उन्हें अपनी परीक्षा शहर वरीयताओं को अपडेट करनी होगी। ऐसा करने के लिए, उम्मीदवारों को आईलेट पोर्टल पर जाकर अपनी सुविधानुसार प्राथमिकताओं को फिर से चुनना होगा। शेड्यूल के अनुसार, परीक्षा 8 दिसंबर को देश भर के 31 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। AILET एडमिट कार्ड 2025 आधिकारिक पोर्टल पर 28 नवंबर को होस्ट किया जाएगा।




Add comment