Edinbox Hindi

नीट में अनियमितताओं को लेकर सीबीआई ने दर्ज किया नया केस, अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का मामला

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी (राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातक) के आयोजन में कथित अनियमितताओं के संबंध में एक नया मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने नवी मुंबई में एक अभ्यर्थी के लिए परीक्षा देते हुए पकड़ी गई एक मेडिकल छात्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सीबीआई ने महाराष्ट्र सरकार की सिफारिश पर राज्य पुलिस से जांच का जिम्मा अपने हाथ में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा निशिका प्रेमप्रकाश यादव 5 मई को नवी मुंबई में डीवाई पाटिल (मान्य) विश्वविद्यालय केंद्र में मयूरी मनोहर पाटिल नामक छात्रा की जगह परीक्षा दे रही थी। 

निशिका को स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की ओर से अलर्ट जारी किए जाने के बाद पकड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि एनटीए के अलर्ट में पाटिल को ‘संदिग्ध’ अभ्यर्थी बताया गया था। इसके बाद उम्मीदवार के रूप में सामने आई निशिका से उसके आधार से मिलान के लिए बायोमेट्रिक डाटा देने को कहा गया। 

निशिका के फिंगरप्रिंट मेल नहीं खाए और उसने स्वीकार किया कि वह जवाहर मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा है। पुलिस ने डीवाई पाटिल (मान्य) विश्वविद्यालय अधिकारियों की शिकायत पर निशिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब इसे सीबीआई मामले के रूप में फिर से पंजीकृत किया गया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed