Edinbox Hindi

गुजरात में सीनियर्स की रैगिंग के बाद एमबीबीएस छात्र की मौत; पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच

गुजरात के पाटन ज़िले में एक मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों की रैगिंग के कारण 18 साल के एक एमबीबीएस छात्र की मौत हो गई। एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र अनिल मेठानिया को उसके सीनियरों ने रैगिंग के दौरान तीन घंटे तक खड़ा रखा जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कॉलेज ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में कॉलेज के डीन डॉ. हार्दिक शाह ने बताया कि पाटन के धारपुर में जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के छात्रावास में अपने सीनियरों द्वारा रैगिंग के दौरान कथित तौर पर तीन घंटे तक खड़े रहने के बाद पीड़ित अनिल मेथानिया बेहोश होकर गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हरसंभव प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मृतक अनिल मेथानिया के सहपाठियों ने बताया कि उन्हें सीनियर छात्रों ने खड़ा किया था और खुद को परिचित कराने के लिए कहा गया था। बालिसाना थाना के एक अधिकारी ने बताया कि कॉलेज की एंटी रैंगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अगर सीनियर छात्रों को दोषी पाया जाता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

वहीं कॉलेज के एक प्रथम वर्ष के छात्र ने बताया, कई सीनियर छात्रों ने हमें तीन घंटे तक खड़ा रखा और एक-एक करके खुद को परिचित कराने को कहा, वे हमें खड़े रहने के लिए मजबूर कर रहे थे और हमें गुस्सा न करने की चेतावनी दे रहे थे। आखिरकार एक छात्र बेहोश हो गया, हमने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

अनिल मेठानिया के परिजनों ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें कॉलेज और सरकार से न्याय की उम्मीद है। मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र मेठानिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैंने अपने चाचा से फोन पर सुना कि मेरे चचेरे भाई को बेहोश होने के बाद अस्पताल ले जाया गया। जब मैं यहां आया, तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मौत के असली कारण का पता चल सके। हमने सुना है कि तृतीय वर्ष के छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसे दो-तीन खंडे खड़ा किया था, जिससे उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed