
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने आज सोमवार को एसटीईटी परीक्षा (Secondary Teacher Eligibility Test) यानी STET 2024 का परिणाम जारी कर दिया है। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने आज बीएसईबी कार्यालय में बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2024 के रिजल्ट की घोषणा की। पेपर एक (कक्षा 1 से 9) में 16 विषयों को मिलाकर कुल 73.77 प्रतिशत यानि एक लाख 94 हजार 697 अभ्यर्थी पास हुए हैं। वहीं पेपर 2 (कक्षा 11 और 12) में 29 विषयों को मिलाकर 64.44 प्रतिशत यानि कुल एक लाख तीन हजार पचास अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।
इस दौरान बीएसईबी अध्यक्ष आनंद किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में पास सभी अभ्यर्थी टीआरई 4 में शामिल होने के लिए पात्र होंगे। दोनों पेपर के 49 विषयों को मिलाकर कुल 70.25 प्रतिशत अभ्यर्थी पास हुए हैं। अभ्यर्थी अपने नतीजे bsebstet2024.com/login. पर जाकर देख सकते हैं।
बिहार एसटीईटी परीक्षा 11 जून से 19 जून तक दो पालियों में आयोजित की गई थी और यह कम्प्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के पेपर-1 में तीन लाख 59 हजार 489 उम्मीदवार और पेपर-2 में दो लाख 37 हजार 442 उम्मीदवार शामिल हुए थे। दोनों पेपरों की आंसर-की जुलाई में जारी की गई थी और अब परिणाम की घोषणा की गई है।
बता दें कि बिहार एसटीईटी एक क्वालीफाइंग परीक्षा है, जिसके माध्यम से उम्मीदवारों को राज्य के माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने का अवसर प्राप्त होता है। यह परीक्षा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित की जाती है। एसटीईटी परीक्षा में सफलता पाने के बाद उम्मीदवारों को एसटीईटी पास सर्टिफिकेट दिया जाता है, जो जीवनभर वैध रहेगा।
एसटीईटी में सफल होने के लिए प्रत्येक वर्ग के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए यह 75 अंक (दूसरे राज्य के उम्मीदवार भी शामिल), पिछड़ा वर्ग 68.25 अंक, ईडब्लूएस 63.75 अंक, ओबीसी 60 अंक, एससी/एसटी 60 अंक और
महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 60 अंक है।




Add comment