Edinbox Hindi

बिहार में बदली सरकारी स्कूलों की टाइमिंग, अब 4 बजे होगी छुट्टी

ठंड की दस्तक के साथ ही स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में स्कूलों की टाइमिंग बदली जा चुकी है। अब बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का ऐलान किया है। शिक्षा विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में जारी नोटिस  के अनुसार, राज्य में अब स्कूल समेत सभी शिक्षण संस्थान सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। बदला हुआ समय 1 दिसंबर से लागू होगा।

बता दें कि अभी बिहार में स्कूल की टाइमिंग सुबह 8:50 बजे से शाम 4:30 बजे तक है। नयी व्यवस्था के तहत समय बदलने के बाद स्कूल साढ़े 9 बजे से शुरू होंगे। 10 बजे से क्लास शुरू होंगी। साढ़े 9 और 10 के बीच स्कूलों में प्रार्थना, छात्रों की ड्रेस चेक करना आदि जरूरी काम किए जाएंगे। स्कूल में चलने वाली क्लास का टाइम 40 मिनट का होगा। 10 बजकर 40 मिनट पर स्कूल की पहली घंटी होगी। आठवीं घंटी शाम 4 बजे समाप्त होगी। अब आठ पीरियड में कक्षाएं लगेंगी। दोपहर 12 बजे से 12:40 बजे तक लंच ब्रेक होगा। सरकार ने राज्य में बढ़ रही ठंड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

आदेश में ये भी निर्देश दिया गया है कि अगर किसी स्कूल में बोर्ड या सेंटअप की परीक्षाएं ली जा रही हो तो दूसरी कक्षाओं को स्थगित नहीं किया जाएगा। दूसरे क्लास के छात्रों का अध्ययन का काम चलता रहेगा। वहीं शिक्षा विभाग की तरफ से जारी आदेश में ये भी कहा गया है कि प्रत्येक दिन छात्रों को होमवर्क दिया जाएगा। साथ ही अगले दिन होमवर्क की जांच करनी होगी। स्कूल के रसोईघर, शौचालय, स्कूल परिसर आदि की साफ-सफाई का निरीक्षण करना प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी होगी। 

बता दें कि काफी समय से शिक्षक स्कूल की टाइमिंग में बदलाव की मांग कर रहे थे।सदन में भी स्कूलों की टाइमिंग का मुद्दा उठाया गया था। सीएम नीतीश कुमार ने शिक्षकों से वादा किया था कि स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया जाएगा। अब स्कूलों की टाइमिंग में हुए बदलाव से शिक्षकों को राहत मिली है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed