
केंद्रीय चयन पर्षद बिहार (CSBC) पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल एक लाख सात हजार अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) नौ दिसंबर से शुरू कर दस मार्च तक लेगा। यह परीक्षा शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च विद्यालय (पटना हाई स्कूल), गर्दनीबाग में सुबह सात बजे से ली जाएगी। इसके लिए केंद्रीय चयन पर्षद तैयारी कर चुका है। केंद्रीय चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने यह जानकारी दी।
बता दें कि शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए 1,07,079 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें पुरुषों की संख्या 67,518; महिलाओं की संख्या 39,550; ट्रांसजेंडर की संख्या 11 है। इनमें 485 गृहरक्षक अभ्यर्थी तथा 433 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी शामिल हैं। इस भर्ती के लिए लगभग 11.95 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। रिक्त पदों से पांच गुना अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। कुल पदों की संख्या 21,391 है। PET के कार्यक्रम की सूचना पर्षद की वेबासाईट https://csbc.bihar.gov.in पर प्रकाशित की गई है। यहां से अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
केंद्रीय चयन पर्षद के अनुसार, परीक्षा वरीय पुलिस पदाधिकारियों के पर्यवेक्षण में सम्पन्न की जाएगी, जिसके लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों एवं महिला अभ्यर्थियों की परीक्षाएँ अलग-अलग दिन आयोजित की जाएगी। पहले पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा सम्पन्न की जाएगी, उसके बाद महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रारम्भ की जाएगी। प्रत्येक दिन 1600 पुरुष अभ्यर्थियों को अथवा 1400 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा।
केंद्रीय चयन पर्षद के अनुसार, अभ्यर्थियों को शारीरिक मानसिक रूप से स्वस्थ होने, गर्भवती न होने (जहां लागू हो) तथा इनके द्वारा किसी भी प्रकार के उत्तेजक मादक/ प्रतिबंधित दवाओं का सेवन न करने का घोषणा पत्र भी देना होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में दौड़, गोला फेंक, ऊंची कूद की परीक्षाएँ होंगी तथा पुरुषों की उँचाई एवं सीना की माप तथा महिलाओं के उंचाई एवं वजन की माप की जाएगी




Add comment