
जेईई मेन 2025 (JEE Main 2025) सत्र-1 के लिए फिलहाल आवेदन प्रक्रिया जारी है, जो 22 नवंबर, 2024 को बंद हो जाएगी। सत्र-1 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 28 अक्टूबर को शुरू हुई थी। हालांकि एनटीए ने सत्र-2 के लिए भी परीक्षा के तारीखों की घोषणा कर दी है। सत्र-2 के लिए आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी से शुरू होगी जब पहले सत्र की परीक्षा आयोजित करा ली जाएगी। जेईई मेन सत्र 1 की परीक्षा 22 से 31 जनवरी, 2025 तक दो पालियों में होनी है जो तीन घंटे की होगी। शिफ्ट 1 सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शिफ्ट 2 दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। लेकिन यहाँ महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बार राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने बड़ी संख्या में जेईई मेन 2025 सत्र-1 के लिए आवेदनों को अस्वीकार किया है या कहें उन्हें खारिज कर दिया है।
बड़ी तादाद में आवेदनों को खारिज किये जाने के कारण ही इस बार देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2025 के जनवरी सेशन के लिए पहले तीन हफ्तों में महज 8 लाख के करीब छात्र ही अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करने में सफल हो सके जबकि यह संख्या पिछले साल की इसी अवधि में 15 लाख आवेदनों से भी ज़्यादा थी। जाहिर है कि इस बार आवेदन प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही है। छात्र अपने आवेदन पूरा करने में कठिनाइयों या देरी का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा नए नियमों के आलोक में कई उम्मीदवारों को देरी और भ्रम का सामना करना पड़ा है। और साथ ही इससे फॉर्म भरते समय आवेदकों द्वारा की जाने वाली सामान्य गलतियों के कारण हज़ारों आवेदनों को NTA द्वारा अस्वीकार भी किया गया है।
जेईई मेन 2025 के जनवरी सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद एनटीए ने FAQ नहीं जारी किया था। इसके चलते भी कई छात्रों को उनके सवालों, उनकी दुविधाओं के जवाब नहीं मिल पा रहे थे। इससे स्थिति और बिगड़ी। विशेषज्ञ भी आवेदन प्रक्रिया की काफी धीमी गति को लेकर चिंता जता रहे हैं। हालांकि अपने सूचना बुलेटिन में एनटीए ने जेईई मेन 2025 आवेदन पत्र जमा करने के लिए कुछ विशिष्ट नियम निर्धारित किए थे। कहा गया था कि इन दिशानिर्देशों का पालन न करने पर आवेदन अस्वीकार किये जा सकते हैं। इसमें प्रत्येक उम्मीदवार का केवल एक ही आवेदन स्वीकार किये जाने की बात शामिल है। ऐसे में इस बात का ध्यान रखना महत्वपूर्ण था। संभवतः इस कारण भी कई आवेदन अस्वीकार हुए हैं।
इसके अतिरिक्त एनटीए द्वारा जनवरी में आयोजित होने वाले जेईई मेन सत्र 1 के लिए आवेदन अस्वीकार किये जाने के पीछे जो कुछ संभावित कारण रहे हैं, उनपर एक नज़र डालना ज़रूरी है ताकि छात्र इसका ख्याल रख सकें।
एक से अधिक आवेदन : प्रत्येक उम्मीदवार को केवल एक ही आवेदन जमा करने की अनुमति है। यदि एक ही आवेदक द्वारा कई फॉर्म जमा किए गए, तो उन सभी को NTA द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है।
दोनों सत्रों के लिए अलग-अलग आवेदन : जेईई मेन 2025 सत्र 1 और सत्र 2, दोनों के लिए आवेदन करने के इच्छुक आवेदकों को एक विशिष्ट प्रक्रिया का पालन करने की आवश्यकता थी। यदि आवेदक बाद में सत्र 2 के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो वे दूसरी आवेदन अवधि के दौरान उसी आवेदन संख्या का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन एक ही सत्र के लिए डुप्लिकेट आवेदन जमा करने से उनके आवेदन अस्वीकार किये गए हैं।
आवेदन शुल्क का भुगतान नहीं : JEE मेन 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया तभी पूरी होगी जब शुल्क के भुगतान का चरण पूरा कर लिया जाए। यदि भुगतान की पुष्टि सम्बन्धी पेज उत्पन्न नहीं होता है, तो आवेदन पत्र को अमान्य माना जाएगा।
गलत तरीके से शुल्क भुगतान : आवेदकों को स्वीकृत तरीकों से ही ऑनलाइन फीस का भुगतान करने को कहा गया था। यदि कोई प्रोसेसिंग शुल्क या जीएसटी शुल्क का भुगतान नहीं किया जाता है, तो इसका परिणाम अधूरा आवेदन हो सकता है, जिससे आवेदन की अस्वीकृति हो सकती है।
एक से अधिक फॉर्म जमा करना : जिन आवेदकों ने एक से अधिक फॉर्म जमा किया है, उनके आवेदन अस्वीकार या खारिज कर दिए जाएंगे। एक ही आवेदक द्वारा कई आवेदन जमा करना अस्वीकृति का आधार है तो छात्रों को सलाह है कि एक ही सटीक आवेदन जमा करें और दोबारा आवेदन जमा करने से बचें।
संपादन योग्य नहीं फ़ील्ड : आवेदन पत्र में परीक्षार्थी की तस्वीर, मोबाइल नंबर, ईमेल पता, स्थायी पता, आपातकालीन संपर्क नंबर और पत्राचार पता जैसे कुछ फ़ील्ड, एक बार सबमिट होने के बाद संपादित नहीं किए जा सकते। इन फ़ील्ड में कोई भी त्रुटि अस्वीकृति का कारण बन सकती है। ऐसे में सुनिश्चित करना ज़रूरी था कि सबमिट करने से पहले सभी व्यक्तिगत विवरण, विशेष रूप से ईमेल और मोबाइल नंबर जैसे गैर-संपादन योग्य फ़ील्ड सही हैं।
बहरहाल, जेईई मेन 2025 आवेदन फॉर्म में सुधार की सुविधा एनटीए दिसंबर 2024 में उपलब्ध कराएगा। आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in के माध्यम से आवेदन में सुधर किया जा सकेगा। हालांकि आवेदक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने आवेदन में कुछ ही विवरण संपादित कर सकते हैं, और इसके लिए उन्हें सुधार शुल्क देना होगा। यह सेवा भी सीमित अवधि के लिए उपलब्ध होगी। सुधार के लिए भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई या पेटीएम के माध्यम से किया जा सकता है।




Add comment