Edinbox Hindi

फिल्म ‘अमरण’ क्यों बन गई चेन्नई के एक इंजीनियरिंग छात्र के लिए परेशानी का सबब?

शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘अमरण’ इन दिनों चर्चा में है। 31 अक्तूबर, 2024 को रिलीज हुई इस फिल्म के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी हैं। यह फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में सफल रही है। लेकिन इस फिल्म की वजह से चेन्नई के एक इंजीनियरिंग छात्र को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। फिल्म के एक सीन ने उसकी नींदें उड़ा रखी हैं। परेशानी इस कदर कि छात्र की दिनचर्या गंभीर रूप से बाधित हो रही है। स्वयं छात्र ने कहा है कि ‘मैं बिना किसी बाधा के सो नहीं सकता, पढ़ाई नहीं कर सकता या यहां तक कि कैब बुक करने जैसी आवश्यक सेवाओं का उपयोग भी नहीं कर सकता।’

दरअसल, यह सब छात्र वीवी वागीसन के साथ हो रहा है फिल्म ‘अमरण’ के एक मुख्य सीन की वजह से। इस सीन ने वागीसन को इतना परेशान कर रखा है कि उसने तमिल फिल्म ‘अमरण’ के निर्माताओं को कानूनी नोटिस तक जारी किया है। मुआवजे के रूप में 1.1 करोड़ रुपये की मांग की है। और इसके पीछे सबब है फिल्म में उनके निजी मोबाइल नंबर का उपयोग। फिल्म में उनके मोबाइल नंबर के उपयोग से उनके लिए आफत आन पड़ी है। 

हकीकत में हंगामा शुरू हुआ शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म के एक सीन में छात्र का नंबर दिखाए जाने के बाद। फिल्म में छात्र वीवी वागीसन का मोबाइल नंबर देखने के बाद कई प्रशंसकों ने इसे साईं पल्लवी का नंबर समझकर कॉल करना शुरू कर दिया।

वागीसन तब अपने परिवार के साथ दीवाली मना रहे थे, जब अचानक से उनके फोन पर अननोन नंबर से कई कॉल आने लगीं। फोन को लगातार बजता देखकर पहले तो वह भ्रमित हुए। उन्होंने कॉल म्यूट कर दी, लेकिन अगले दिन रुकावटें बढ़ गईं। वॉइस मैसेजेस को सुनने के बाद उन्हें पता चला कि उनका नंबर फिल्म ‘अमरण’ के एक मुख्य सीन में दिखाया गया था। 

फिल्म में फोन नंबर देखकर दर्शक यह मानने लगे कि यह साई पल्लवी का नंबर है। फिर क्या था लोगों ने नंबर पर बैक टू बैक कॉल करनी शुरू कर दी। इसके कारण वागीसन की दिनचर्या गंभीर रूप से बाधित होने लगी। छात्र ने साझा किया, ‘मैं बिना किसी बाधा के सो नहीं सकता, पढ़ाई नहीं कर सकता या यहां तक कि कैब बुक करने जैसी आवश्यक सेवाओं का उपयोग भी नहीं कर सकता।’

वागीसन ने शुरुआत में फिल्म के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी और मुख्य अभिनेता शिवकार्तिकेयन को सोशल मीडिया पर टैग किया और उनसे मदद मांगी। हालांकि, फिल्म निर्माताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर, उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया। अपने वकील के माध्यम से, वागीसन ने मांग की कि उनका फोन नंबर फिल्म से हटा दिया जाए और उनके द्वारा सहन की गई कठिनाइयों और मानसिक पीड़ा के लिए मुआवजे के रूप में 1.1 करोड़ रुपये दिए जाएं। 

छात्र ने स्पष्ट किया कि वह अपना नंबर नहीं बदलेगा क्योंकि यह आधार और बैंक डिटेल्स जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों से जुड़ा हुआ है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने अभी तक कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया है, जबकि वागीसन को लगातार कॉल का सामना करना पड़ रहा है।

       

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed