
टीवी इंडस्ट्री और बॉलीवुड के सितारों की फैन फॉलोइंग कम नहीं होती। अ्पने फैंस के बीच इनका जबर्दस्त क्रेज होता है। लाखों करोड़ों में होते हैं इन्हें चाहने वाले। अपने अभिनय के दम पर तो वे लोकप्रियता हासिल करते ही हैं, फिर इस लोकप्रियता के बूते कमाई के भी हर उपाय ढूंढ लेते हैं। भले ही वह अभिनय से इतर भी क्यों न हो। फिल्म और टीवी की दुनिया में ऐसे कई सितारे हैं, जो अपनी शोहरत को भुना कर अभिनय से इतर भी मोटी कमाई कर रहे हैं। ये व्लॉग और यूट्यूब के जरिए कमाई कर रहे हैं। कई सितारे अभिनय से दूरी बनाकर अब पूरी तरह ब्लॉग और यूट्यूब पर ही सक्रिय हैं, तो कई अभिनय को बरकरार रखने के साथ साथ यूट्यूब पर भी सक्रिय हैं। इससे वे कमाई तो कर ही रहे हैं, अपने फैंस के साथ भी जुड़े रहते हैं। आइए, जानते हैं ऐसे ही टीवी और बॉलीवुड के कुछ सितारों के बारे में, जो व्लॉग और यूट्यूब के जरिए कर रहे हैं कमाई।
कार्तिक आर्यन
कार्तिक आर्यन इन दिनों काफी चर्चा में हैं। उनकी हालिया रिलीज हॉरर कॉमेडी फिल्म भूल भुलैया 3 बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हाल में ही अभिनेता फिल्म की सक्सेस पार्टी में भी नजर आए थे। कार्तिक आर्यन फिल्मों के अलावा यूट्यूब पर भी सक्रिय रहते हैं, जहां उनके चैनल पर 8 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इस पर वो फिल्मों के अलावा निजी जीवन की वीडियो साझा करते हैं।
देबिना बनर्जी
अभिनेत्री देबिना बनर्जी ने ‘रामायण’ में ‘सीता’ का किरदार निभाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, पिछले कई वर्षों से उन्होंने टीवी की दुनिया से दूरी बना ली है। इसके बावजूद देबिना लाइमलाइट में बनी रहती हैं। अपने व्लॉग के जरिए अभिनेत्री यूट्यूब से कमाई करती हैं। वे अपने व्लॉग में फैंस के साथ निजी जिंदगी से जुड़ी झलकियां साझा करती हैं, जिस पर लाखों की संख्या में लाइक्स आते हैं।
वरुण धवन
वरुण धवन हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता हैं। वह इस वक्त फिल्मों में काफी ज्यादा व्यस्त भी है। हाल में ही वह अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज सिटाडेल: हनी बन्नी में नजर आए हैं। इसके अलावा भी वह बेबी जॉन, सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी आदि फिल्मों में नजर आने वाले हैं। वरुण धवन का भी अपना एक यूट्यूब चैनल है, जिस पर चार लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। अभिनेता इस पर विज्ञापन और फिल्मों के सेट से जुड़े वीडियोज साझा करते हैं।
शिल्पा शेट्टी
शिल्पा शेट्टी हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री हैं। वह एक वक्त पर बेहद सफल और व्यस्ततम अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। शिल्पा इन दिनों रियलिटी टीवी शोज पर नजर आती हैं। इसके अलावा उनका भी एक यू्ट्यूब चैनल है, जिस पर 36 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। अभिनेत्री इस पर योगा से जुड़े वीडियो आदि चीजें साझा करती हैं।
नोरा फतेही
नोरा फतेही बॉलीवुड की जानी-पहचानी अभिनेत्री हैं, जिन्हें उनके डांस और फिटनेस के लिए भी जाना जाता है। हाल में ही नोरा फतेही साउथ के अभिनेता वरुण तेज की फिल्म मटका में नजर आई हैं। नोरा फिल्मों के अलावा अपने यूट्यूब चैनल पर भी सक्रिय रहती हैं, जिस पर उनके 41 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। अभिनेत्री इस पर म्यूजिक वीडियो और गाने अपलोड करती हैं।
संभावना सेठ
संभावना सेठ भोजपुरी की टॉप अभिनेत्री रही हैं। उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है, जिसके बाद उन्होंने छोटे पर्दे का रुख कर लिया। इसके अलावा वह ‘बिग बॉस’ के दूसरे सीजन में भी नजर आ चुकी हैं। संभावना व्लॉगिंग के जरिए अपनी रूटीन लाइफ को फैंस को साथ शेयर करती हैं।
आलिया भट्ट
आलिया भट्ट को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। वो हिंदी फिल्मों की मशहूर और लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। हाल-फिलहाल ही वह अपनी फिल्म जिगरा में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ वेदांग रैना भी नजर आए थे। फिल्मों के अलावा आलिया का अपना यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर 24 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।
मोहिना कुमारी सिंह
अभिनेत्री मोहिना कुमारी सिंह को ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से खूब पहचान मिली थी। हालांकि, शादी के बाद उन्होंने छोटे पर्दे से दूरी बना ली। अब वह अपने परिवार के साथ समय बिता रही हैं। एक अदाकारा होने के साथ-साथ वह रीवा की राजकुमारी भी हैं। मोहिना भी व्लॉग्स नाम का एक यूट्यूब चैनल चलाती हैं।
रति पांडे
व्लॉगिंग करने वाली अभिनेत्रियों की सूची में रति पांडे भी शामिल हैं। ‘हिटलर दीदी’ से घर-घर में मशहूर हुईं रति पांडे टीवी की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने ‘देवी आदि पराशक्ति’ और ‘शादी मुबारक’ जैसी कई टीवी शोज किए हैं। मगर कुछ वर्षों से वह किसी भी शो में दिखाई नहीं दी हैं। अभिनेत्री ने डायरीज नाम का अपना एक व्लॉग शुरू किया है। इसीके जरिए वह कमाई करती हैं। वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी के अनुभव और घूमने-फिरने के वीडियो साझा करती हैं।




Add comment