Edinbox Hindi

सोशल मीडिया पर अपनी लाइफ से लोगों को रूबरू कराएंगी परिणीति चोपड़ा, शुरू किया अपना यूट्यूब चैनल

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा अब यूट्यूब चैनल के जरिए अपनी निजी जिंदगी से लोगों को रूबरू कराएंगी। पूर्व घोषणा के अनुरूप परिणीति ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू कर दिया है। उन्होंने पहले वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि हालांकि वो एक प्राइवेट पर्सन हैं फिर भी अब अपनी जिंदगी का हर पल शेयर करने को तैयार हैं। करीब 1 मिनट के इस वीडियो को उन्होंने कैप्शन दिया है- मेरा पहला यू ट्यूब वीडियो।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो जारी कर उन्होंने खुद इस बात की जानकारी दी थी कि वह अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने जा रही हैं। परिणीति चोपड़ा ने अब अपना नया यूट्यूब चैनल शुरू कर दिया है। यानी फिल्मों में अभिनय का जलवा दिखाने के बाद परिणीति चोपड़ा अब लोगों से सीधे तौर पर जुड़ने के लिए तैयार हैं। जो कुछ उन्होंने कहा है उससे साफ है कि ये उनका डेली व्लॉग होगा।

जाहिर है कि अपने नए यूट्यूब चैनल के जरिए बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा अपने रोजमर्रा की झलक फैंस को दिखाएंगी। इसकी जानकारी देते हुए इससे पहले इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा था, “इतने वर्षों में मैंने जानबूझकर अपने जीवन का लगभग केवल एक प्रतिशत हिस्सा ही सोशल मीडिया पर साझा किया है। मैं बहुत कुछ करती हूं, लेकिन हमेशा यह सब निजी रखना ही पसंद करती हूं।’ 

अब परिणीति ने अपनी लाइफ को सोशल मीडिया पर दिखाने का फैसला किया है और इसकी शुरुआत भी उन्होंने कर दी है। उनका कहना है कि “कुछ भी न साझा करने के मेरे फैसले ने मेरी सोशल मीडिया टीम को गंभीर रूप से निराश किया है। अब उनके बहुत समझाने के बाद मुझे लगता है कि अब थोड़ा और खुलने का समय आ गया है।” अभिनेत्री ने कहा है कि अब आप मेरे आधिकारिक यूट्यूब चैनल परिणीति चोपड़ा को सब्सक्राइब कर सकते हैं, जहां मैं आपके साथ अपने जीवन से जुड़ी चीजें साझा करूंगी।

उन्होंने बताया है, ‘अब मैं अपने जीवन में बहुत सारी चीजें करती हूं। मैं कुछ पागलपन भरे साहसिक काम करती हूं, मैं बहुत स्कूबा डाइविंग करती हूं, पढ़ती हूं और मैं हर समय गाती रहती हूं। मैं हर समय स्टूडियो में रहती हूं। आजकल मेरे जीवन में इतना कुछ हो रहा है कि मैंने सोचा कि अब समय आ गया है कि मैं अपने जीवन में जो कुछ भी करती हूं, वह सब अपने फैंस के साथ शेयर करूं, और मैं अब इसके लिए तैयार हूं।’ एक्ट्रेस ने कहा कि उनका यह फैसला उनके फैन्स को उनके जीवन में होने वाली घटनाएं देखने का मौका देगा।

बहरहाल, वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में परिणीति चोपड़ा को फिल्म अमर सिंह चमकीला में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ दिलजीत दोसांझ भी थे। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई थी। साथ ही, परिणीति के किरदार को भी काफी ज्यादा सराहा गया था। अब देखना है कि उनकी रियल लाइफ से सोशल मीडिया पर उनके फैंस कितना जुड़ पाते हैं। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed