Edinbox Hindi

नीट पेपर लीक मामले में CBI ने दायर की पांचवीं चार्जशीट, अब तक 45 आरोपी गिरफ्तार

सीबीआई (CBI) ने नीट यूजी 2024 (NEET UG 2024) पेपर लीक मामले में अपनी पांचवीं चार्जशीट दायर की है। इसमें पांच आरोपियों के नाम शामिल हैं। पटना की सीबीआई स्पेशल कोर्ट में दायर चार्जशीट में पेपर लीक गिरोह के प्रमुख सदस्य अमित कुमार सिंह (बोकारो) का नाम भी शामिल है। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि अमित सिंह ने पेपर लीक की पूरी साजिश रची और उसे अंजाम दिया।  

चार्जशीट में बताया गया है कि अमित सिंह को पेपर लीक और वितरण में सुदीप कुमार और युवराज कुमार (बोकारो), अभिमन्यु पटेल (नालंदा) और अमित कुमार (पटना) का सहयोग मिला। ये सभी आरोपी बिहार और झारखंड में अभ्यर्थियों तक लीक पेपर पहुंचाने में शामिल थे।

सीबीआई ने अपने बयान में बताया है कि अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया जा चुका है और सभी न्यायिक हिरासत में हैं। यह चार्जशीट भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 120-बी (आपराधिक साजिश), 109 (अपराध के लिए उकसाना), 409 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 380 (चोरी), 201 (साक्ष्य मिटाना) और 411 (बेईमानी से चोरी की संपत्ति प्राप्त करना) के तहत दायर किया गया है. इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 संशोधित) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(a) के तहत दायर की गई है।

NEET-UG पेपर लीक मामले का पता सबसे पहले बिहार की राजधानी पटना में चला था। इसके बाद बिहार पुलिस हरकत में आई थी और उसने पेपर लीक मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया था। सीबीआई ने इससे पहले चार चार्जशीट 1 अगस्त 2024, 19 सितंबर 2024, 5 अक्टूबर 2024, और 7 नवंबर 2024 को दायर की थीं, जिनमें 40 अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था। इस मामले की जांच सीबीआई ने 23 जून 2024 को शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन (पटना) में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। 

जांच के दौरान, सीबीआई ने उन उम्मीदवारों के नामों की पहचान कर ली है, जो चोरी के प्रश्न पत्र या अनुचित तरीकों से लाभान्वित हुए थे। इसके अलावा, उन एमबीबीएस छात्रों के नाम भी उजागर किए गए हैं, जिन्होंने चोरी किए गए प्रश्न पत्र हल किए थे या फिर सेंटर पर किसी और की पहचान साथ उपस्थित थे। इन नामों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और शिक्षा मंत्रालय के साथ साझा किया गया है। सीबीआई की जांच अभी भी जारी है। 

NEET UG परीक्षा देश भर के 23 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी। यह परीक्षा 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिनमें भारत के 571 शहर और 14 विदेशी केंद्र शामिल थे।   

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed