
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 69वीं संयुक्त परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 470 अभ्यर्थी इस परीक्षा के जरिए राज्य सरकार के अफसर बने हैं। सीतामढ़ी के उज्ज्वल कुमार ने टॉप किया है। क्रांति कुमारी महिला टॉपर बनी हैं और उन्हें ओवरऑल छठा स्थान मिला है। सर्वेश कुमार दूसरे और शिवम तिवारी तीसरे टॉपर बने हैं। मुख्य परीक्षा में 1295 अभ्यर्थी सफल हुए थे। ये सभी अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल हुए। इसके बाद बीपीएससी ने 69वीं परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी किया है। अभ्यर्थी आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
बीपीएससी ने कहा कि अक्टूबर महीने की समाप्ति तक इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके बाद रिजल्ट तैयार होते ही जारी कर दिया गया। बिहार लोक सेवा आयोग ने 69वीं परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में सबसे ऊपर उज्जवल कुमार उपकार का नाम है। बाकी के नामों में सर्वेश कुमार, शिवम तिवारी, पवन कुमार, विनीत आनंद, क्रांति कुमारी, संदीप कुमार सिंह, राजन भारती, चंदन कुमार और नीरज कुमार शामिल हैं।
एकीकृत 69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभिन्न सेवाओं के कुल 475 पदों के लिए 31 अगस्त 2024 को मुख्य (लिखित) परीक्षा का परीक्षाफल प्रकाशित किया गया था। उस प्रकाशित परीक्षाफल में शामिल कुल 1295 उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 11 सितंबर से 19 सितंबर तक और साक्षात्कार 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक आयोग कार्यालय में संपन्न कराया गया। अब परीक्षाफल प्रकाशित किया गया है।
470 सफल अभ्यर्थियों में से 361 का चयन एकीकृत 69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में, 10 का चयन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, 98 का चयन वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी एवं समकक्ष पद पर तथा एक-एक अभ्यर्थी का चयन पुलिस उपाधीक्षक परिचालन एवं पुलिस उपाधीक्षक तकनीकी पद पर हुआ है। योग्य अभ्यर्थियों के अभाव में पांच पद रिक्त रह गए हैं।




Add comment