
हरियाणा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2024 की परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा की है। ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक राज्य सरकार ने परीक्षा में देरी को मंजूरी भी दे दी है। पहले यह परीक्षा तीनों स्तरों के लिए 7 दिसंबर और 8 दिसंबर को आयोजित होने वाली थी। ऑफिशियल शेड्यूल के मुताबिक हरियाणा टीईटी लेवल-3 परीक्षा 7 दिसंबर 2024 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होनी थी, वहीं 8 दिसंबर को लेवल-2 का पेपर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होना था और लेवल-1 का पेपर दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होना था।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार HTET 2024 परीक्षा की संशोधित तिथियों को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। अगली सूचना तक परीक्षा स्थगित रहेगी. तारीखों की पुष्टि के बाद नए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।
आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, “राज्य सरकार 07.12.2024 (शनिवार) और 08.12.2024 (रविवार) को होने वाली HTET परीक्षा, 2024 को अगले आदेश तक स्थगित करने के आपके प्रस्ताव से सहमत है। तदनुसार, संबंधितों को सूचित किया जा सकता है।”
एचटीईटी परीक्षा कक्षा 1 से 5 के लिए प्राथमिक शिक्षक (पीआरटी), कक्षा 6 से 8 के लिए प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और उच्च कक्षाओं के लिए स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाती है।
अनुसूचित जाति (एससी) और दिव्यांग, शारीरिक रूप से विकलांग उम्मीदवारों को छोड़कर सभी श्रेणियों के लिए न्यूनतम योग्यता अंक 60% निर्धारित किए गए हैं। एससी और दिव्यांग, शारीरिक रूप से विकलांग उम्मीदवारों के लिए, न्यूनतम आवश्यक प्रतिशत 55% है। अन्य राज्यों के एससी और दिव्यांग, शारीरिक रूप से विकलांग उम्मीदवारों को एचटीईटी 2024 के लिए अर्हता प्राप्त करने के लिए कम से कम 60% अंक प्राप्त करना आवश्यक है।




Add comment