
दिल्ली नगर निगम (MCD) के शिक्षा विभाग नागरिक निकाय ने छात्रों में आत्मविश्वास भरने के लिए एक पहल की है, जिसमें एमसीडी के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में कक्षा 4 और कक्षा 5 के छात्रों को प्रेरणादायक फिल्में दिखाने का फैसला किया गया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को चुनौतियों से पार पाने और सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करना है। इस पहल में छात्रों को ऐसी फिल्में दिखाई जाएंगी, जो फिल्में वास्तविक जीवन के नायकों से प्रेरित होकर बनी है और जो जीवन के सबक को उजागर करती हैं।
एमसीडी के अनुसार, कक्षा 4 और 5 के छात्रों को दिखाए जाने वाली फिल्मों में चंदू चैंपियन, श्रीकांत बल्ला की प्रेरणादायक यात्रा, गुठली लड्डू, आई एम कलाम और 12वीं फेल जैसी फिल्मों को शामिल किया गया है। ये सब वैसी फिल्में हैं, जो किसी न किसी व्यक्ति के जीवन पर आधारित हैं जिन्होंने आगे चलकर देश-दुनिया में अपना नाम किया है।
एमसीडी द्वारा कक्षा 4 और 5 के छात्रों को प्रेरणादायक फिल्में दिखाने के अलावा कक्षा एक से तीन तक के छोटे छात्रों के लिए भी फिल्मों की व्यवस्था की गई है, जिसमें उनकी रुचि और समझ के स्तर के अनुरूप प्रेरक कार्टून फिल्में भी दिखाई जाएंगी। ये कार्टून भी प्रेरणा देने वाली होगी। इससे सभी छात्रों के बीच में एक सकारात्मक माहौल पैदा होगा और उन्हें नए सपने देखने की लालसा होगी।
एमसीडी के शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रभारियों को इस उद्देश्य के लिए परिसर में उपलब्ध स्मार्ट टीवी या अन्य ऑडियो-विजुअल एड्स का उपयोग करने का निर्देश दिया है। शिक्षकों को स्क्रीनिंग के बाद चर्चा की सुविधा प्रदान करने के लिए कहा गया है, ताकि छात्रों को फिल्मों में चित्रित प्रेरक संदेशों और नैतिक मूल्यों को समझने में मदद मिल सके।
एमसीडी ने एक बयान में कहा, “यह पहल अभिनव शैक्षिक पद्धतियों को शुरू करके छात्रों के बीच सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।” इसने इस बात पर जोर दिया कि चुनी गई फिल्मों का उद्देश्य छात्रों को कठिन परिस्थितियों में लचीला बने रहने और अपने व्यक्तिगत और शैक्षणिक जीवन में सफलता की आकांक्षा रखने के लिए प्रेरित करना है।




Add comment