
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री अरबिंदो कॉलेज ने अपने सेमिनार हॉल में भव्य दीक्षान्त समारोह व पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया जिसमें 650 से अधिक विज्ञान, वाणिज्य व मानविकी विषयों के वर्ष 2023-24 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन एग्जामिनेशन प्रोफेसर गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने डिग्री प्रदान की। इस मौके पर कॉलेज गवर्निंग बॉडी की कोषाध्यक्ष प्रो. अनन्या घोष भी मौजूद रहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. विपिन कुमार अग्रवाल ने की।
बता दें कि कॉलेज से विभिन्न विषयों विज्ञान, वाणिज्य तथा मानविकी आदि में सफलतापूर्वक स्नातक कर चुके विद्यार्थियों को (डिग्री) स्नातक की उपाधि प्रदान किए जाने वाले इस दीक्षान्त समारोह व पूर्व छात्र मिलन समारोह को आयोजित करने की श्री अरबिंदो कॉलेज की अपनी विशिष्ट परंपरा रही है। हर साल विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं खेल, नाटक व रंगमंच, गीत-संगीत आदि कार्यक्रमों में सफलता अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाता है। इस कार्यक्रम की संयोजक प्रोफेसर वंदना भल्ला, मीडिया संयोजक डॉ. हंसराज सुमन, प्रोफेसर मीता माथुर, प्रो.संगीता कौल, प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. राजीव अग्रवाल, प्रो. रश्मि माथुर, डॉ. पूनम जैन, डॉ. प्रशांत बड़थ्वाल, डॉ.शिव मंगल कुमार, रविंद्र सिंह, नवीन अग्रवाल, अनिल शर्मा आदि भी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. सुकृति व डॉ. सास्था ने किया।
दीक्षांत समारोह में उपस्थित छात्रो को संबोधित करते हुए प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है जिससे दुनिया को बदला जा सकता है, शिक्षा व्यक्ति के व्यवहार में बदलाव लाती है। इस बदलाव के माध्यम से ही व्यक्ति की पहचान बनती है। उन्होंने नेल्सन मंडेला और महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने जो भी कार्य किए बड़ी ईमानदारी के साथ किए, हम कोई कार्य करें उसमें आपकी ईमानदारी दिखनी चाहिए। देश व समाज ने आपको सब कुछ दिया है, इसलिए आपका भी कर्तव्य बनता है कि जिस संस्थान ने आपको कुछ दिया है तो ईमानदारी के साथ कुछ लौटाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अपनत्व की भावना को लेकर ही किसी कार्य को करेंगे तो अवश्य सफलता मिलेगी। उन्होंने दीक्षांत समारोह में डिग्री पाए छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए जीवन में आगे बढ़ने का मूलमंत्र दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विपिन कुमार अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि उच्च शिक्षा ग्रहण कर हमारा नैतिक दायित्व बनता है कि हम जिस समाज को बदलना चाहते हैं, पहले हमें अपने आपको खुद बदलना होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पिछले दो दशकों में जॉब की अपॉर्च्युनिटी बढ़ी है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लागू होने के बाद रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं, कौशल विकास के तहत भविष्य में आगे बढ़ने का उत्साह जगता है। उन्होने कहा कि हमारे कॉलेज से डिग्री प्राप्त करने वाले आज अनेक व्यक्ति समाज मे बड़ी भूमिकाओं में हैं। आज हमारे पूर्व छात्र अनेक अकादमिक संस्थानों के प्रमुख, प्रोफ़ेसर, अनेक व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े पदों पर, पत्रकार, वकील यहाँ तक कि बॉलीवुड तक में श्री अरबिंदो कॉलेज की उपस्थिति दर्ज करा रहे है। उन्होंने डिग्री वितरण के दौरान सभी से आगे बढ़ते रहने और अपने संस्थान का नाम रोशन करने की अपनी शुभकामना दी।
कार्यक्रम के दौरान जादूगर प्रेम व इंद्रेश ने अपनी जादुई कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जादूगर प्रेम ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए आग जलाकर कबूतर पैदा किया, जिसे आसमान में उड़ता हुआ देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। उसके बाद उन्होंने खाली रूमाल से स्टेज पर पैसों की बारिश की जिसे देखकर दर्शकों ने खूब तालियां बजाई और उनकी कला की खूब सराहना की। इसी तरह प्रेम जादूगर ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए टेबल को हवा में उड़ाकर सभी को अचंभित कर दिया। इसके अलावा उन्होंने मद्यनिषेध पर लघु नाटक के माध्यम से जादू दिखाकर यह संदेश दिया कि यह हमारे शरीर, पैसे, परिवार, समाज व देश को कैसे हानि पहुंचाती है। उन्होंने दीक्षांत समारोह में डिग्री लेने आए युवा पीढ़ी से अनुरोध किया कि जीवन में यदि आगे बढ़ना है तो इसका सेवन न करें। इसके अलावा जादूगर प्रेम ने एक घन्टे से अधिक बहुत ही मनोरंजन करने वाले कार्यक्रमों को दिखाकर खूब तालियां बटोरी। इस पूरे समारोह की संयोजक प्रो. वंदना भल्ला ने मुख्य अतिथि व आए हुए विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।




Add comment