Edinbox Hindi

दलित छात्रों के विदेश में पढ़ाई का खर्च उठाएगी दिल्ली सरकार, मनीष सिसोदिया के साथ इंटर्नशिप का मौका भी

दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने स्टूडेंट्स के लिए दो नई योजनाओं की घोषणा की है। एक है मनीष सिसोदिया के साथ इंटर्नशिप और दूसरी है आंबेडकर सम्मान छात्रवृत्ति, जिसके तहत छात्रों के विदेश में पढ़ाई का खर्च दिल्ली सरकार (आप सरकार) उठाएगी।

मनीष सिसोदिया के साथ इंटर्नशिप के तहत राजनीति में रुचि रखने वाले कॉलेज स्टूडेंट्स को विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा। जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने नाम पर एक ‘इंटर्नशिप’ शुरू की है। इसके लिए कॉलेज स्टूडेंट्स ‘इंटर्नशिप विद मनीष सिसोदिया’ पर रजिस्टर कर सकते हैं।

सिसोदिया ने कहा कि अगर लीडरशिप में आपकी दिलचस्पी है, अगर आप यह जानना चाहते हैं कि लीडर्स कैसे सोचते हैं? कैसे काम करते हैं? कैसे चुनावी कैंपेनिंग करते हैं? जनता के मुद्दों को कैसे समझते हैं? टीम कैसे बनाते हैं? जनता के साथ सार्थक संवाद कैसे करते हैं? तो आपका मेरी टीम में स्वागत है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा के लिए इस बार मैं जंगपुरा सीट से लड़ रहा हूं। शिक्षा से मेरा गहरा जुड़ाव है, इसलिए युवाओं को मैं चुनाव की अपनी क्लास में आमंत्रित करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि दिल्ली के युवा आकर मेरे साथ काम करें।

वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले दलित छात्रों के लिए ‘आंबेडकर सम्मान छात्रवृत्ति’ योजना की भी घोषणा की है। इसके तहत दिल्ली के दलित छात्रों की विदेश में पढ़ाई का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। 

केजरीवाल ने कहा, ‘आंबेडकर ने कहा था कि शिक्षा ही प्रगति का असली रास्ता है। उन्होंने तमाम बाधाओं को पार करते हुए अमेरिका से पीएचडी की। उनकी इस सोच को आगे बढ़ाने के लिए हम यह छात्रवृत्ति शुरू कर रहे हैं।’

दिल्ली के दलित छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई के लिए शिक्षा, यात्रा और आवास का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। सरकारी कर्मचारियों के बच्चे भी इस योजना के लिए पात्र होंगे। इसके लिए छात्रों को किसी प्रतिष्ठित विदेशी विश्वविद्यालय में प्रवेश हासिल करना होगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed