Edinbox Hindi

BPSC को इस पद के लिए नहीं मिला एक भी योग्य उम्मीदवार, वापस लेनी पड़ी वैकेंसी  

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने राज्य अग्निशमन सेवा में निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी के एक पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। लेकिन इस पद के लिए कोई भी उम्मीदवार आयोग की निर्धारित योग्यता पर खरा नहीं उतर सका। नतीजतन, बीपीएससी को यह वैकेंसी वापस लेनी पड़ी। भर्ती को वापस किए जाने के संबंध में आयोग ने आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिस भी जारी किया है। 

दरअसल, बिहार लोक सेवा आयोग राज्य में लगातार विभिन्न पदों के लिए वैकेंसी निकाल रही है। राज्य में बीपीएससी के जरिए अबतक लाखों शिक्षकों की बहाली हो चुकी है और अभी और भी शिक्षकों की नियुक्ती होने वाली है। इसी बीच बीपीएससी ने पिछले दिनों एक बड़े पद के लिए बहाली निकाली थी लेकिन इस पद के लिए बीपीएससी को योग्य उम्मीदवार नहीं मिला।

बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक ने आधिकारिक नोटिस में कहा कि “गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार, पटना के अधीन बिहार अग्निशमन सेवान्तर्गत निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी के 01 रिक्त पद पर नियुक्ति हेतु आयोग द्वारा प्रकाशित वि.सं. 27/2024 के अंतर्गत विज्ञापन की शर्तों के आलोक में उम्मीदवार के सुयोग्य नहीं पाये जाने के कारण अधियाचना गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार, पटना को वापस की जाती है। ”

बीपीएससी ने मार्च-अप्रैल 2024 माह में इस भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला था। भर्ती में कम से कम 20 वर्ष का अनुभव मांगा गया था। वहीं शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो ‘साइंस स्ट्रीम से स्नातक या स्नातक (फायर इंजीनियरिंग) या मैकेनिकल / ऑटोमोबाइल विषय में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट डिग्री के साथ राष्ट्रीय अग्निशमन कॉलेज, नागपुर या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से वरीय पर्यवेक्षक पदाधिकारी का तीन माह का प्रशिक्षण प्राप्त किए हो’ मांगी गई थी। जबकि आयु सीमा 50 से 55 वर्ष के बीच मांगी गई थी। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed