
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं में कौशल या वोकेशनल विषयों की पढ़ाई करने वाले छात्रों को एक जनवरी से इंटर्नशिप की सुविधा मिलेगी। यह इंटर्नशिप या ऑन द जॉब ट्रेनिंग छात्रों को काम करने का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करेगी। इससे पहले 22 से 24 दिसंबर तक छात्रों को इसके संबंध में जानकारी देने के लिए ओरिएंटेशन आयोजित किया जाएंगे। इंटर्नशिप करने के लिए छात्रों को 27 दिसंबर तक माता-पिता से प्राप्त एनओसी को जमा कराना होगा। यह एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) छात्रों के लिए जमा कराना जरूरी होगा।
स्किल-वोकेशनल पाठ्यक्रम में कक्षा ग्यारहवीं या बारहवीं में 80 घंटे की इंटर्नशिप की सिफारिश की गई है। इसके लिए शिक्षा निदेशालय काफी समय से तैयारी कर रहा है। जिससे कि छात्रों को इंटर्नशिप का लाभ मिल सके। बीते दिनों शिक्षा निदेशालय ने छात्रों को वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने का अनुभव प्रदान करने के लिए इंटर्नशिप करने की सलाह दी थी। ग्यारहवीं व बारहवीं में छात्र वोकेशनल व स्किल विषयों की पढ़ाई करते हैं।
इनके लिए थ्योरी के साथ-साथ छात्रों को प्रैक्टिकल का ज्ञान भी जरूरी है। ऐसे में इंटर्नशिप कराने की तैयारी की गई है। जिससे कि उन्हें पढ़ाई के दौरान ही ऑन द जॉब ट्रेनिंग का लाभ मिल सके। चूंकि सरकारी स्कूलों में एक जनवरी से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश हो रहे हैं। ऐसे में अवकाश के दौरान छात्र अपने समय का सही तरीके से उपयोग भी कर सकेंगे। जो छात्र ग्यारहवीं में 80 घंटे की इंटर्नशिप को पूरा कर लेंगे, उन्हें बारहवीं में इसकी आवश्यकता नहीं होगी।




Add comment