Edinbox Hindi

रतन टाटा का जन्मदिन आज; कॉर्नेल यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से की पढ़ाई, छात्रों के लिए रहे प्रेरक 

भारत के कारोबारी परिदृश्य में एक महान हस्ती, रतन टाटा न केवल टाटा समूह की सफलता के पीछे प्रेरक शक्ति रहे हैं, बल्कि नैतिक नेतृत्व, नवाचार और कॉर्पोरेट जिम्मेदारी के प्रतीक भी हैं। एक परोपकारी और दूरदर्शी व्यक्ति के रूप में, नेतृत्व, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी पर उनके विचारों ने दुनिया भर में उद्यमियों और नेताओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। 

कभी टाटा स्टील की भट्ठी में चूना पत्थर डालने के काम से बाद में टाटा समूह के चेयरमैन बनने तक भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा की ज़िन्दगी के कई पहलू हैं, जो लोगों को आकर्षित करते हैं और प्रेरित भी। गुजरे 9 अगस्त, 2024 को जब उन्होंने 86 वर्ष की आयु में अपने जीवन की आखिरी सांस ली, तो उनके साथ इस अद्भुत यात्रा का एक पूरा अध्याय समाप्त हो गया।        

बहरहाल, आज यानी 28 दिसंबर रतन टाटा का जन्मदिन है। 28 दिसंबर, 1937 को ही बॉम्बे में उनका जन्म हुआ था। यहीं से उनका सफर शुर हुआ और बाद में रतन टाटा ने टाटा समूह को नई बुलंदियों पर पहुंचाया। उनके संघर्ष की कई कहानियां हैं। दिलचस्प और प्रेरक। यह भी दिलचस्प है कि अमेरिकी तकनीकी दिग्गज आईबीएम के साथ नौकरी की पेशकश के बावजूद, रतन टाटा ने भारत लौटने का फैसला किया और टाटा स्टील के साथ अपना करियर शुरू किया। टाटा स्टील के प्लांट में चूना पत्थर को भट्ठियों में डालने जैसे काम के साथ। लेकिन टाटा समूह में 50 वर्षों तक रहने के बाद दिसंबर 2012 में वह टाटा संस के अध्यक्ष पद से हटे। इसके बाद भी रतन ‘टाटा संस’ के मानद अध्यक्ष बने।

बहरहाल, पद्म विभूषण रतन टाटा ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया। कभी उन्होंने कहा था जीवन में सिर्फ अच्छी शैक्षिक योग्यता या अच्छा करियर ही काफी नहीं है। बल्कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि एक संतुलित और सफल जिंदगी जिएं। संतुलित जीवन का मतलब है हमारा अच्छा स्वास्थ्य, लोगों से अच्छे संबंध और मन की शान्ति, यह सब कुछ अच्छा होना चाहिए। और वाकई उनकी ज़िन्दगी में यह सब कुछ था। 

रतन टाटा ने कहा था- अच्छी पढ़ाई करने वाले और कड़ी मेहनत करने वाले अपने दोस्तों को कभी नहीं चिढ़ाना चाहिए। एक समय ऐसा आएगा जब आपको उसके नीचे भी काम करना पड़ सकता है। उन्होंने मेहनत भी की और अच्छी पढाई भी। जहाँ तक उनकी पढाई का सवाल है तो उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई के कैंपियन स्कूल (Campion School) से हासिल की। यहां से उन्होंने 8वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद, आगे की पढ़ाई के लिए वे मुंबई में कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल (Cathedral and John Cannon School) और शिमला में बिशप कॉटन स्कूल (Bishop Cotton School) गए। उन्होंने न्यूयार्क स्थित रिवरडेल कंट्री स्कूल में भी पढ़ाई की। 

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रतन टाटा ने यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका (USA) के  कॉर्नेल यूनिवर्सिटी (Cornell University) में एडमिशन लिया, जहां उन्होंने बैचलर ऑफ आर्किटेक्च (B.Arch) की डिग्री हासिल की। रतन टाटा ने साल 2008 में कॉर्नेल यूनिवर्सिटी को 50 मिलियन डॉलर दान भी दिया था जो उस वक्त कॉर्नेल यूनिवर्सिटी को मिला सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय दान था। कॉर्नेल यूनिवर्सिटी के बाद, साल 1975 में उन्होंने यूनाइटेड किंगडम में हार्वर्ड बिजनेस स्कूल (Harvard Business School) से एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम किया।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed