
देश भर के कई राज्य कड़कड़ाती ठंड से कांप रहे हैं। ऐसे में स्कूल भी बच्चों के स्वास्थ्य के मद्देनजर स्कूलों में विंटर वेकेशन की घोषणा कर रहे हैं। पहले दिल्ली, पंजाब, जम्मू कश्मीर में सर्दियों की छुट्टियों का ऐलान किया गया। उसके बाद राजस्थान सरकार ने 25 दिसंबर से स्कूलों में विंटर वेकेशन की घोषणा की और अब दिल्ली से सटे राज्य हरियाणा में भी विंटर वेकेशन का ऐलान कर दिया गया है।
हरियाणा शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। निदेशालय ने स्पष्ट रूप से 1 जनवरी से 15 जनवरी 2025 तक सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त व सहायता प्राप्त स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है। इसकी जानकारी सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। स्कूल 16 जनवरी 2025 से शारीरिक कक्षाओं के लिए फिर से खुलेंगे।
हरियाणा एजुकेशन डिपार्टमेंट ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हरियाणा शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किए हैं कि राज्य के सभी स्कूलों में 1 जनवरी से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। स्कूल 16 जनवरी, 2025 को फिर से खुलेंगे।”
जानकारी दे दें कि इससे पहले नवंबर में स्कूल शिक्षा विभाग ने 2024-25 एकेडमिक सेशन से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए सिंगल-शिफ्ट और डबल-शिफ्ट दोनों स्कूलों के लिए स्कूल के समय में संशोधन किया था। स्कूल के समय में किए गए बदलाव के अनुसार, सिंगल-शिफ्ट स्कूल सर्दियों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेंगे। डबल-शिफ्ट स्कूलों के मामले में, पहली शिफ्ट सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:40 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।




Add comment