Edinbox Hindi

यूजीसी नेट परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी, नहीं होगी निगेटिव मार्किंग

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने 3 जनवरी से 16 जनवरी 2025 तक  आयोजित होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा के लिए आधिकारिक तौर पर प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने यूजीसी नेट परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे परीक्षा में शामिल होने के लिए आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। 

बता दें कि यूजीसी नेट परीक्षा 3, 6, 7, 8, 9, 10, 15 और 16 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश भर के विभिन्न शहरों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में 85 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 6 बजे के बीच आयोजित होगी। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, समय और उम्मीदवार की जानकारी के बारे में आवश्यक विवरण शामिल हैं। 

एडमिट कार्ड पर उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा के दिन के निर्देश आदि की जानकारी मिलेगी। एडमिट कार्ड के साथ एक अंडरटेकिंग फॉर्म भी है। उम्मीदवारों को परीक्षा स्थल पर प्रिंटेड एडमिट कार्ड के सभी पेज (अंडरटेकिंग के साथ) लाने होंगे। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर अपना फोटो, हस्ताक्षर, बारकोड और क्यूआरकोड जांचने के लिए कहा गया है। एनटीए ने कहा कि अगर फोटो, हस्ताक्षर, बारकोड और क्यूआरकोड में से कोई भी गायब है, तो उम्मीदवारों को इसे फिर से डाउनलोड करना चाहिए।

यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कठिनाई होती है या एडमिट कार्ड में दिए गए विवरण में कोई त्रुटि है, तो वह एजेंसी से 011- 40759000 पर संपर्क कर सकता है या ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल कर सकता है।

बहुत सारे उम्मीदवारों के मन में निगेटिव मार्किंग को लेकर सवाल होगा तो बता दें कि इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग (नकारात्मक अंकन) नहीं होगी। यूजीसी नेट परीक्षा में में हर सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे। यूजीसी नेट 2024 परीक्षा में दो पेपर शामिल हैं। पेपर 1 और पेपर 2। परीक्षा की समय अवधि 3 घंटे (180 मिनट) है। दोनों पेपर में वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) होते हैं। पेपर 1 और पेपर 2 को मिलाकर उम्मीदवारों को कुल 150 प्रश्न दिए जाते हैं। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed