
गुजरात के अहमदाबाद में शुक्रवार को तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली आठ साल की छात्रा की मौत हो गई। माना जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से स्कूल में छात्रा गार्गी रानपारा की मौत हुई। थलतेज स्थित जेबर स्कूल फॉर चिल्ड्रन के प्रबंधन की तरफ से जारी सीसीटीवी फुटेज में गार्गी अपनी कक्षा की ओर जाते दिखती है और बेचैनी के कारण कुर्सी पर बैठ जाती है।
कुर्सी पर बैठने के बाद वह बेहोश हो गई। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। यह देख कर टीचर्स ने उसे सीपीआर दिया और फिर अपनी गाड़ी से तुरंत पास के निजी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टर्स ने बताया कि उसे कार्डियेक अरेस्ट हुआ है। 8 साल की गार्गी को वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
प्रधानाचार्य शर्मिष्ठा सिन्हा ने बताया, गार्गी जब सुबह स्कूल पहुंची, तो सामान्य थी। लेकिन पहली मंजिल पर कक्षा की ओर जाते समय वह गलियारे में कुर्सी पर बैठ गई। बैठे-बैठे ही अचानक वह गिर गई। शिक्षकों ने उसे सीपीआर दिया, फिर अस्पताल पहुंचाया, पर उसकी जान नहीं बच सकी।
बच्ची की मौत का मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। सेक्टर-1 के संयुक्त पुलिस आयुक्त नीरज बडगुजर ने बताया कि इन्वेस्टिगेशन जारी है। बच्ची की मौत की सही वजह जानने के लिए उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।




Add comment