
15 जनवरी 2025 के दिन आयोजित होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से स्थगित कर दिया गया था। एनटीए ने अब नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। रिवाइज्ड शेड्यूल को एजेंसी की तरफ से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। इस संबंध में एक नोटिस जारी किया गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिस को चेक कर सकते हैं।
जारी किए गए रिवाइज्ड शेड्यूल के अनुसार, स्थगित की गई 15 जनवरी वाली यूजीसी नेट परीक्षा अब 21 जनवरी और 27 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। दोनों दिन परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। 21 जनवरी के दिन परीक्षा को सुबह की शिफ्ट में 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं 27 जनवरी को दोपहर की शिफ्ट में परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 21 जनवरी को सुबह की पाली (सुबह 9 से दोपहर 12 बजे) में निम्नलिखित विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी: भारतीय ज्ञान प्रणाली, मलयालम, उर्दू, श्रम कल्याण/व्यक्तिगत प्रबंधन/औद्योगिक संबंध/श्रम और सामाजिक कल्याण/मानव संसाधन प्रबंधन, अपराध विज्ञान, आदिवासी और क्षेत्रीय भाषा/साहित्य, लोक साहित्य, कोंकणी और पर्यावरण विज्ञान।
27 जनवरी को शाम की पाली (3 से 6 बजे) में निम्नलिखित विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी: संस्कृत, जनसंचार और पत्रकारिता, जापानी, प्रदर्शन कला – नृत्य/नाटक/रंगमंच, इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान, महिला अध्ययन, कानून और नेपाली।
बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 15 जनवरी को होने वाली परीक्षा को मकर संक्रांति और पोंगल त्योहारों के कारण पोस्टपोन कर दिया था। एजेंसी ने कहा था कि यह निर्णय छात्रों के हित में लिया गया है। उस दिन जनसंचार और पत्रकारिता, कानून, इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान और पर्यावरण विज्ञान सहित 17 विषयों के एग्जाम पोस्टपोन कर दिए गए थे।




Add comment