Edinbox Hindi

देश में खोले जाएंगे 100 नए सैनिक स्कूल, बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

भारत में शिक्षा की बुनियादी गुणवत्ता में सुधार के लिए केंद्र सरकार ने देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने का फैसला किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल के अलप्पुझा में विद्याधिराज विद्यापीतम सैनिक स्कूल के वार्षिक दिवस समारोह के दौरान इस पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने का केंद्र सरकार का फैसला भारत में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने और देश के समग्र विकास में योगदान देने के उसके प्रयासों का हिस्सा है। 

रक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सैनिक स्कूल में लड़कियों के दाखिले का मार्ग भी प्रशस्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देश के दूरदराज के क्षेत्रों और विविध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के कर्मियों को शामिल करने के लिए भारत के हर जिले में सैनिक स्कूल स्थापित करने का फैसला लिया है।

रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के स्वास्थ्य, संचार, उद्योग, परिवहन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में प्रगति के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने के मद्देनजर “शिक्षा क्षेत्र में क्रांति और बच्चों के सर्वांगीण विकास की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि एक “सैनिक” को केवल युद्ध के नजरिए से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि हर सैनिक में कई और भी गुण मौजूद होते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि एक सैनिक अनुशासित होता है, अपने लक्ष्यों पर केंद्रित रहता है, निस्वार्थ भाव से सेवा करता है और आत्म-नियंत्रित एवं समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि ये गुण स्वामी विवेकानंद, आदि शंकराचार्य और राजा रवि वर्मा जैसी महान हस्तियों में भी देखे जाते हैं, जिनके युद्धक्षेत्र सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और धार्मिक सुधार थे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed