
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की जेईई मेन 2025 परीक्षा (JEE Main 2025) की तैयारियों का दावा पहले ही दिन गलत साबित हुआ। स्नातक इंजीनियरिंग दाखिले की जेईई मेन 2025 की परीक्षा के पहले ही दिन तकनीकी खामी से छात्र परेशान हुए। एनटीए को पहले ही दिन तकनीकी खराबी के चलते बेंगलुरु में एक परीक्षा केंद्र को बदलना पड़ा। कर्नाटक में तकनीकी खामी वाले सेंटर के 114 उम्मीदवारों की परीक्षा प्रभावित हुई।
इस संबंध में एक आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिस को चेक कर सकते हैं। जारी किए गए नोटिस के अनुसार, परीक्षा को 28/29 जनवरी 2025 के लिए री-शेड्यूल किया गया है।
जारी किए गए नोटिस में कहा गया है, “परीक्षा केंद्र – ईटैलेंट, (टीसी कोड-40086), नंबर 3, बेलमार एस्टेट, नागासांद्रा मेन रोड, अमरावती लेआउट, नगरा बावी, नालागद्दरनाहल्ली, पीन्या बेंगलुरु, कर्नाटक में तकनीकी खराबी के अपरिहार्य कारण से, 22 जनवरी 2025 को जेईई (मुख्य) -2025 सत्र- I (शिफ्ट-टीएल) परीक्षा के आयोजन के दौरान, 114 प्रभावित उम्मीदवारों के लिए परीक्षा पुनर्निर्धारित की जाती है और 28/29 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। इन उम्मीदवारों को उपर्युक्त तिथियों पर उपस्थित होने वाले अन्य उम्मीदवारों के साथ नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।”
एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जेईई मेन 2025 की परीक्षा के लिए भारत समेत विदेशों में 15 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। कर्नाटक के एक सेंटर में तकनीकी दिक्कत आई है। इन छात्रों के लिए अब 28 और 29 जनवरी को दोबारा से परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए उन्हें दोबारा नए एडमिट कार्ड जारी होंगे।
जेईई मेन 2025 सेशन-1 परीक्षा 22 जनवरी से 30 जनवरी तक होनी है। जिसमें 29 जनवरी तक जेईई मेन पेपर-1 यानी बीई/बीटेक के लिए होगी, जबकि 30 जनवरी को पेपर-2 होगी। परीक्षा दो शिफ्ट में हो रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी।




Add comment