
IIT दिल्ली ने GATE 2025 और JAM 2025 परीक्षाओं के प्रयागराज स्थित केंद्रों को लखनऊ शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। यह फैसला मंगलवार को लिया गया, जिसका मुख्य कारण महाकुंभ मेले के दौरान प्रयागराज में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ है। 1 और 2 फरवरी, 2025 को आयोजित होने वाली GATE परीक्षा और 2 फरवरी, 2025 को होने वाली JAM परीक्षा अब लखनऊ के केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
IIT दिल्ली की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि “महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते कई उम्मीदवारों ने परीक्षा केंद्र बदलने का अनुरोध किया था। इस अनुरोध को ध्यान में रखते हुए GATE और JAM परीक्षाओं के प्रयागराज केंद्रों को लखनऊ में स्थानांतरित कर दिया गया है।”
सेंटर में हुए बदलाव की आधिकारिक अधिसूचना देखने के लिए उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट jam2025.iitd.ac.in और gate2025.iitr.ac.in पर विजिट करें। वेबसाइट के होम पेज पर ही आपको इस नोटिस का लिंक मिल जाएगा उस पर क्लिक करें। अब एक पीडीएफ फाइल ओपन होगी। इसमें आपको पुराने सेंटर और नए सेंटर की जानकारी मिल जाएगी।
ऊपर बताए गए केंद्रों के लिए GATE और JAM एडमिट कार्ड नए सिरे से जारी किए गए हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ही विजिट करें। उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अपडेट किए गए एडमिट कार्ड डाउनलोड करते समय नए परीक्षा केंद्र का विवरण सही तरीके से दिखाई दे। सभी उम्मीदवारों को पहचान के प्रमाण के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की गई और एडमिट कार्ड में उल्लिखित अपनी फोटो आईडी लानी चाहिए।
महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिससे यातायात और लॉजिस्टिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र लखनऊ शिफ्ट करने का यह निर्णय उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है।




Add comment