Edinbox Hindi

दिल्ली कोचिंग हादसा: तीन UPSC अभ्यर्थियों की मौत मामले में राऊ आईएएस के पूर्व सीईओ को जमानत

दिल्ली में पिछले साल 2024 में ओल्ड राजेंद्र नगर में स्थित राऊ IAS कोचिंग सेंटर में बेसमेंट में पानी भरने से तीन यूपीएससी अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। इस केस में राऊ कोचिंग सेंटर के सीईओ अभिषेक गुप्ता को बड़ी राहत मिली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें नियमित जमानत दे दी है। 

दिल्ली की अदालत ने राऊ आईएएस स्टडी सर्किल के पूर्व सीईओ अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को जुलाई 2024 में ओल्ड राजिंदर नगर में कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में तीन अभ्यर्थियों के डूबने से संबंधित मामले में जमानत दे दी। आरोपी अब तक अंतरिम जमानत पर थे। 

हालांकि, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना ने अभिषेक गुप्ता को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और एक अन्य जमानत राशि पर जमानत दी है।  उन्हें दिल्ली लीगल सर्विस अथॉरिटी के पास 25 लाख रुपये जमा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। 

अदालत ने कहा, “आरोपी/आवेदक अभिषेक गुप्ता और देशपाल सिंह को निचली अदालत की संतुष्टि के लिए एक लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदारों पर नियमित जमानत दी जाती है।”

अभिषेक गुप्ता के वकील ने कहा कि उनका मुवक्किल दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण को स्वेच्छा से 25 लाख रुपए का योगदान देने के लिए तैयार हैं। गुप्ता की तरफ से कोर्ट में पेश हुए सीनियर वकील रेबेका जॉन ने दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश प्रस्तुत करते हुए कहा कि 2.5 करोड़ रुपए की वित्तीय स्थिति को अलग रखा गया है।  उन्होंने आगे तर्क दिया कि जांच पूरी हो गई है और सीबीआई द्वारा चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। वह 23 सितंबर 2024 से अंतरिम जमानत पर हैं। 

हालांकि सीबीआई ने जमानत याचिका का विरोध किया। सीबीआई के वरिष्ठ सरकारी वकील ने कहा कि ऐसे मामलों में समाज को एक संदेश दिया जाना चाहिए। वकील ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच चल रही है। सुप्रींम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने तर्क दिया कि अगर आर्थिक अपराध में जांच चल रही है और भ्रष्टाचार एक आर्थिक अपराध है तो जमानत नहीं दी जानी चाहिए। 

गौरतलब है कि सीबीआई ने स्थानीय अधिकारियों सहित किसी भी व्यक्ति द्वारा आपराधिक लापरवाही, कर्तव्यों की अवहेलना और भ्रष्ट आचरण सहित विभिन्न अपराधों के लिए मामला दर्ज किया था।

27 जुलाई को मध्य दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में भारी बारिश के बाद कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से सिविल सेवा के तीन अभ्यर्थियों – उत्तर प्रदेश की श्रेया यादव (25), तेलंगाना की तान्या सोनी (25) और केरल के नेविन डेल्विन (24) की मौत हो गई थी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed