Edinbox Hindi

दुनिया देखेगी दुधवा का जंगल, ब्रिटेन के ट्रैवल राइटर्स का होगा यूपी दौरा

योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चाहे प्रयागराज महाकुंभ हो, दुधवा राष्ट्रीय उद्यान का अनोखा प्राकृतिक सौंदर्य हो या फिर लखनऊ की ऐतिहासिक चिकनकारी—अब ये सभी आकर्षण वैश्विक पहचान बना रहे हैं। इसी क्रम में ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड ब्रिटेन के प्रसिद्ध ट्रैवल राइटर्स के लिए एक विशेष फैम ट्रिप का आयोजन कर रहा है, जिसके तहत वे प्रयागराज, लखनऊ और दुधवा का भ्रमण करेंगे।

प्रयागराज से होगी यात्रा की शुरुआत
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ब्रिटेन के सुप्रसिद्ध ट्रैवल राइटर्स सॉरचा मैरेड ब्रैडली, एलेक्जेंड्रा निकोल लोवेट और ओइनोन जुडिथ डेल इस यात्रा में शामिल होंगे। यह दल 24 फरवरी को दिल्ली पहुंचेगा और 25 फरवरी को प्रयागराज के लिए रवाना होगा। वहां 25-26 फरवरी को महाकुंभ सहित कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया जाएगा।

लखनऊ की कला और विरासत से होगा परिचय
27 फरवरी को यह दल लखनऊ पहुंचेगा, जहां वे नवाबी शहर की ऐतिहासिक धरोहरों और विशेष रूप से प्रसिद्ध चिकनकारी कढ़ाई को नजदीक से देखेंगे। इसके बाद 28 फरवरी को दल दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होगा।

दुधवा के जंगलों का अनुभव लेगा ब्रिटिश दल
पर्यटन मंत्री ने बताया कि दुधवा वन्यजीव अभयारण्य अपनी घने जंगलों और ऊंचे घास के मैदानों के लिए प्रसिद्ध है। यहां बाघ, तेंदुए, विभिन्न प्रजातियों के हिरण, हाथी, गीदड़, लकड़बग्घे और विशेष रूप से एक विशाल संख्या में गैंडे पाए जाते हैं। ब्रिटिश दल इस अनूठे वन्यजीव क्षेत्र का अनुभव लेगा और यहां की जैव विविधता को करीब से समझेगा।

उत्तर प्रदेश—पर्यटन में अग्रणी राज्य
पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। राज्य पहले ही घरेलू पर्यटकों की पहली पसंद बन चुका है, और अब विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत यह फैम ट्रिप आयोजित की गई है, जिससे विदेशी ट्रैवल राइटर्स अपने अनुभवों को साझा कर दुनिया को उत्तर प्रदेश के अनोखे पर्यटन स्थलों के बारे में बता सकें।

यह दल 3 मार्च को लखनऊ लौटेगा और फिर दिल्ली के लिए रवाना होगा। इसके बाद 4 मार्च को वे लंदन के लिए प्रस्थान करेंगे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed