
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) का 101वां दीक्षांत समारोह 22 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह करेंगे। इस समारोह में स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) और पीएचडी (PhD) के छात्रों को डिग्रियां और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
84,258 छात्रों को मिलेगी डिग्री
इस वर्ष दीक्षांत समारोह में 84,258 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिसमें यूजी-पीजी और एनसीवेब (नॉन कॉलेजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड) के छात्र शामिल हैं। इसके अलावा, 494 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी जाएगी।
194 विद्यार्थियों को मिलेंगे मेडल और पुरस्कार
दिल्ली विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा के अनुसार, समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के खेल परिसर स्थित मल्टीपर्पज हॉल में किया जाएगा। इस दौरान 194 विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर मेडल और पुरस्कार दिए जाएंगे।
159 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिलेंगे जिनमें स्नातक स्तर पर 70 गोल्ड मेडल और स्नातकोत्तर स्तर पर 89 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। 1 विद्यार्थी को सिल्वर मेडल और 34 विद्यार्थियों को अन्य पुरस्कार (22 स्नातक और 12 स्नातकोत्तर स्तर पर) दिए जाएंगे। विशेष गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों में माखनलाल गोल्ड मेडल: सेंट स्टीफंस कॉलेज की तृप्ति गर्ग, राम बहादुर, बृज मोहन लाल साहेब मेमोरियल गोल्ड मेडल: हिंदू कॉलेज के छात्र के कार्तिक और डॉ. सीडी देशमुख मेमोरियल गोल्ड मेडल: मिरांडा हाउस की अंकिता चौधरी शामिल हैं। इस वर्ष डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही।
यह दीक्षांत समारोह दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा, जहां उन्हें उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारी कर ली है।




Add comment